Thursday, 12 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

जब पत्रकार मिठाई लेकर पहुंचे मोदी के पास, बोले- आप गुजरात के CM बन गए हैं, खिलाइए मिठाई

INT News12 November 2026 at 01:54 pm

"अब आप गुजरात के मुख्यमंत्री बन गए हैं, मिठाई खिलाइए." यह बात नरेंद्र मोदी से कुछ पत्रकारों ने कही थी. पीएम मोदी ने गुरुवार (12 नवंबर) को गुजरात का मुख्यमंत्री बनने से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा सुनाया. उन्होंने बताया कि एक बार कुछ पत्रकार उनके पास मिठाई लेकर पहुंचे थे. पत्रकारों ने उन्हें मिठाई खिलाते हुए बताया कि वह गुजरात के मुख्यमंत्री बनने वाले हैं. यानी मोदी को खुद मुख्यमंत्री बनने की खबर पत्रकारों से मिली थी.

पीएम मोदी ने बताया कि उस समय पार्टी के कुछ बड़े नेताओं को ही इस फैसले की जानकारी थी. तभी कुछ पत्रकार उनके कमरे में पहुंचे और मिठाई मांगने लगे. बीजेपी मुख्यालय में पत्रकारों के लिए आयोजित ‘दिवाली मिलन’ कार्यक्रम में मोदी ने पुरानी बातें याद कीं.

प्रेस रिलीज से इंस्टाग्राम रील्स तक, पीएम मोदी ने करीब से देखा मीडिया का बदलता दौर

पीएम मोदी ने मीडिया के साथ अपने पुराने दिनों को भी याद किया. मोदी ने बताया कि उन्होंने प्रेस रिलीज के दौर से लेकर आज इंस्टाग्राम रील्स तक मीडिया को बदलते देखा है. अपने शुरुआती दिनों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पहले ऐसे कार्यक्रमों में वह खुद कुर्सियां लगाने का काम किया करते थे.

लोकतंत्र को मजबूत बनाने में मीडिया की अहम भूमिका : पीएम मोदी

पीएम मोदी ने लोकतंत्र को मजबूत और जीवंत बनाए रखने में पत्रकारों की भूमिका की तारीफ की. उन्होंने कहा कि अलग-अलग विचारों और सोच से लोकतंत्र मजबूत होता है. इस प्रक्रिया में भारतीय मीडिया की भूमिका बेहद अहम है.

पीएम मोदी ने फील्ड रिपोर्टरों के काम की तारीफ की. उन्होंने कहा कि जब कहीं हादसा होता है, भूकंप आता है या बाढ़ जैसी आपदा आती है, तो लोग वहां से दूर भागते हैं. लेकिन पत्रकार हालात की जानकारी जुटाने के लिए उसी जगह पहुंचते हैं. उनका यह जज्बा और समर्पण बहुत खास है. मोदी ने कहा कि वह पत्रकारों की इस मेहनत का हमेशा सम्मान करते हैं.