समाचार · बिहार
संजय सरावगी बोले- कान पकड़कर उठक-बैठक करें खरगे, पूरे देश से मांगें माफी, बिहार में BJP का प्रदर्शन

BJP Protest: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दिए गए बयान को लेकर बिहार में सियासी घमासान तेज हो गया है. सोमवार को भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए. प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के नेतृत्व में पार्टी कार्यालय से विरोध मार्च निकाला गया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने खरगे के खिलाफ नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी का पोस्टर भी जलाया. भाजपा नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष से माफी मांगने की मांग की. साथ ही, चेतावनी दी कि जब तक माफी नहीं मांगी जाती, विरोध जारी रहेगा.
'खरगे शर्म करो, अपशब्द बोलना बंद करो'
भाजपा के विरोध मार्च में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए. उनके हाथों में बैनर और पोस्टर थे. इन पर 'बुजुर्ग खरगे शर्म करो, अपशब्द बोलना बंद करो' जैसे नारे लिखे थे. कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ अपना आक्रोश जताया.
प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया है. इसके विरोध में भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर उतरे हैं. उन्होंने कहा कि यह केवल बिहार तक सीमित प्रदर्शन नहीं है. देश के अलग-अलग राज्यों की राजधानियों में भी विरोध किया जा रहा है.
सरावगी ने राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधा. उन्होंने मांग की कि खरगे पूरे देश से कान पकड़कर, उठक-बैठक लगाकर माफी मांगें. सरावगी ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को अपनी गलती स्वीकार करनी चाहिए और सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए.
गिरिराज सिंह बोले- माफी तक जारी रहेगा विरोध
भाजपा सांसद गिरिराज सिंह ने भी खरगे के बयान पर नाराजगी जताई. उन्होंने आरोप लगाया कि यह केवल एक बयान का मामला नहीं है, बल्कि कांग्रेस नेतृत्व की सोच को दर्शाता है. उन्होंने राहुल गांधी से भी इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की.
गिरिराज सिंह ने कहा कि जब तक खरगे माफी नहीं मांगते और इस्तीफा नहीं देते, तब तक भाजपा का विरोध जारी रहेगा. उन्होंने राहुल गांधी और सोनिया गांधी से भी इस मामले पर चुप्पी तोड़ने को कहा. उनके मुताबिक, कांग्रेस को इस बयान पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए.
रामकृपाल यादव ने भाषा की मर्यादा पर उठाए सवाल
मंत्री रामकृपाल यादव ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि भाजपा इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं करती. उनके मुताबिक, सच्चे कार्यकर्ता भाषा की मर्यादा का ध्यान रखते हैं. उन्होंने नेताओं से सार्वजनिक जीवन में संयमित भाषा का इस्तेमाल करने की बात कही.
क्या है खरगे के बयान का पूरा मामला?
दरअसल, रविवार को पटना में कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान मल्लिकार्जुन खरगे का बयान सामने आया था. एक कार्यकर्ता ने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सत्ता से नहीं हटेंगे. उसने यह भी कहा कि जब तक देश में विद्रोह नहीं होगा, मोदी सरकार नहीं हटेगी.
इस पर खरगे ने जवाब देते हुए कहा, 'मोदी क्या, मोदी का बाप भी जाएगा.' उनके इस बयान को लेकर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई. इसके बाद बिहार में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया. भाजपा नेता इसे प्रधानमंत्री के परिवार के प्रति अपमानजनक टिप्पणी बता रहे हैं.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
खरगे के खिलाफ कोतवाली थाने में शिकायत
प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अपशब्दों के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ पटना के कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है. शिकायत में मामले पर कार्रवाई की मांग की गई है.
इस विवाद के बीच भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पोस्टर भी जलाया. पार्टी नेताओं का कहना है कि कांग्रेस नेतृत्व को इस मामले में सार्वजनिक रूप से जवाब देना चाहिए.
राहुल गांधी की यात्रा के दौरान भी हुआ था विवाद
बिहार में प्रधानमंत्री मोदी के परिवार को लेकर विवाद पहले भी सामने आ चुका है. 27 अगस्त 2025 को दरभंगा में राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की मां को लेकर अपशब्द कहे जाने का मामला सामने आया था. उस घटना के विरोध में भाजपा ने बिहार बंद और प्रदर्शन किए थे.
अब खरगे के बयान को लेकर भाजपा ने एक बार फिर कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. इस मुद्दे पर दोनों दलों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है. भाजपा माफी की मांग पर अड़ी है, जबकि इस विवाद का राजनीतिक असर आने वाले दिनों में भी देखने को मिल सकता है.
Also Read: पटना में भाजपा समर्थकों ने राहुल-खरगे का पुतला फूंका, महिलाएं बोलीं- उन्हें दोबारा पटना नहीं आने देंगे