समाचार · मध्य प्रदेश
प्रतिबंधित मावे से मिठाई बनाने पर संचालक पर FIR:5 दिन में 4.86 लाख की 10 क्विंटल एनालॉग मावा जब्त; मिठाई, 30 लीटर दूध भी पकड़ा
देवास में नयापुरा स्थित न्यू स्वदेशी स्वीट्स एंड नमकीन के संचालक अंकुर जैन के खिलाफ प्रतिबंधित एनालॉग मावे से मिठाइयां बनाने और बेचने पर FIR दर्ज की गई है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने 5 नवंबर को प्रतिष्ठान से 770 किलो मावा और उससे बनी मिठाइयां जब्त कर नष्ट कराई थीं। इससे पहले 26 अगस्त को भी यहां 300 किलो मावा और मिठाइयां पकड़ी गई थीं। दोबारा प्रतिबंधित मावा मिलने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेंद्र ठाकुर ने नाहर दरवाजा थाने में खाद्य सुरक्षा अधिनियम की धाराओं 51, 52, 55 और BNS की धाराओं 274, 275 के तहत FIR क्रमांक 354/2026 दर्ज कराई है। 15 प्रतिष्ठानों से 30 किलो मावा-मिठाई जब्त दीपावली पर मिलावट की जांच के लिए देवास, टोंकखुर्द, सतवास और हाटपीपल्या में 15 प्रतिष्ठानों की जांच की गई। तीन प्रतिष्ठानों से 25 किलो एनालॉग मावा और एक से 5 किलो मावा बर्फी जब्त की गई। इसकी कीमत करीब 12 हजार रुपए है। देवास में बालाजी स्वीट्स से मिल्क केक, महेश्वरी स्वीट्स से मावा बर्फी और टोंकखुर्द के राजस्थानी स्वीट्स से मावा व मिल्क केक के नमूने लिए गए। राजस्थानी स्वीट्स में घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग पर दो सिलेंडर भी जब्त किए गए। पांच दिन में 10.80 क्विंटल सामग्री जब्त कलेक्टर नेहा मीना के निर्देश पर गठित टीमों ने पांच दिन में 38 प्रतिष्ठानों से 78 नमूने लिए। इस दौरान 4.86 लाख रुपए कीमत का 10.80 क्विंटल एनालॉग मावा और मिठाइयां व 30 लीटर दूध जब्त किया गया। सभी नमूने जांच के लिए भोपाल की राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट में सामग्री अमानक मिलने पर संबंधित संचालकों पर कार्रवाई होगी।