Thursday, 12 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

6 लाख से ज्यादा वोटर्स बढ़े, 5.48 करोड़ पहुंची संख्या:12 दिसंबर तक नाम जुड़वाने-हटवाने का मौका; 4 जनवरी को आएगी फाइनल लिस्ट

INT News12 November 2026 at 06:57 pm

मध्यप्रदेश में गुरुवार से मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, नाम हटाने और पता बदलने के कारण मतदाता सूची में स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह प्रक्रिया 12 दिसंबर तक चलेगी। भारत निर्वाचन आयोग के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत प्रदेश के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों की ड्राफ्ट फोटो मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया है। इसके अनुसार प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या 5 करोड़ 48 लाख 71 हजार 158 हो गई है। एक अक्टूबर 2026 की स्थिति में यह संख्या 5 करोड़ 42 लाख 62 हजार 169 थी। यानी इस अवधि में मतदाताओं की संख्या में करीब 6.09 लाख की बढ़ोतरी हुई है। मतदाता सूची का प्रकाशन मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी और जिला निर्वाचन अधिकारियों ने किया। इसे मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्यप्रदेश की वेबसाइट ceoelection.mp.gov.in पर भी देखा जा सकता है। प्रकाशन के बाद राज्य और जिला स्तर पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। राज्य स्तर की बैठक में आम आदमी पार्टी के राघव पटेल, बहुजन समाज पार्टी के एडवोकेट सुधीर बनवार, भाजपा के एसएस उप्पल और कांग्रेस के जेपी धनोपिया एवं ललित सेन उपस्थित रहे। राजनीतिक दलों को फोटो रहित निर्वाचक नामावली की सॉफ्ट कॉपी (हार्ड डिस्क) उपलब्ध कराई गई। उनसे प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त करने और पुनरीक्षण कार्यक्रम में सहयोग करने की अपील की गई। 11 दिसंबर तक दावे-आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां ली जाएंगी। इस दौरान नाम जुड़वाने, हटवाने और मतदाता सूची में संशोधन के लिए आवेदन किया जा सकेगा। इसके लिए 21 और 22 नवंबर तथा 5 और 6 दिसंबर को जिलों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। दावे और आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। 127 नए मतदान केंद्र जुड़े, 21 हटाए गए निर्वाचन आयोग ने मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया पूरी कर ली है। इसके बाद प्रदेश में 127 नए मतदान केंद्र जोड़े गए हैं, जबकि 21 मतदान केंद्र विलोपित किए गए हैं। अब मध्यप्रदेश में कुल मतदान केंद्रों की संख्या 72,036 हो गई है। 1 जनवरी को 18 साल पूरे करने वाले युवा भी जुड़वा सकेंगे नाम भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 1 जनवरी 2027 को अर्हता तिथि मानकर मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया गया है। ऐसे युवा, जिनकी उम्र 1 जनवरी 2027 को 18 साल पूरी हो जाएगी, वे भी मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा वोटर हेल्पलाइन ऐप और निर्वाचन आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकता है। यह पूरी प्रक्रिया निशुल्क है। किसी भी जानकारी के लिए निर्वाचन हेल्पलाइन नंबर 1950 पर कार्यालयीन समय में संपर्क किया जा सकता है।