समाचार · छत्तीसगढ़
रायगढ़ में हाथियों ने 10 किसानों की रौंदी फसल:रात में जंगल से निकलकर खेतों में आ गए, जिले में 134 हाथी कर रहे विचरण
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में हाथियों की मौजूदगी के कारण किसानों के बीच भय का माहौल है। इन दिनों जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल में हाथियों का दल रात होते ही किसानों के खेतों तक पहुंच रहा है और धान की फसलों को जमकर नुकसान पहुंचा रहे है। जहां बीती रात हाथियों ने 10 किसानों के फसल को रौंद कर बर्बाद कर दिया। मिली जानकारी के मुताबिक धरमजयगढ़ वन परिक्षेत्र के चैनपुर में 36 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। जहां जंगल से निकलकर एक सिंगल हाथी गांव के तारा राठिया के खेत में पहुंचा और फसलों को रौंदने लगा। वहीं बायसी में 20 हाथियों का दल जगरनाथ राठिया, मंगतू राठिया के खेतों में धान के फसल को नुकसान पहुंचाया। वहीं छाल के सिथरा तेंदूमुड़ी में बिहारी, मनीराम, रामकुमार, कन्हैया और लैलूंगा रेंज के कोड़ामाई धोबसिंह, परदेशी, अर्जुन के खेतों में हाथी का दल पहुंचकर अपने भारी भरकम पैरों से फसलों को बर्बाद कर दिया।
नुकसान का आंकलन किया जा रहा हाथियों के आने की जानकारी लगने के बाद हाथी मित्रदल और ग्रामीण उन्हें खेतों से खदेड़ने का प्रयास किए, लेकिन वे देर रात तक खेतों में डटे रहे। उनके वापस जंगल जाने के बाद सुबह विभागीय अमला ने नुकसान का आंकलन शुरू कर दिया है। जिसकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद किसानों को मुआवजा दिया जाएगा।
अलग-अलग जंगल में 134 हाथियों का दल
विभागीय रिकार्ड के अनुसार हाथियों की संख्या जिले के दो वन मंडलों में 126 हो चुकी है। जो रायगढ़ व धरमजयगढ़ के अलग-अलग जंगल में विचरण कर रहे हैं। इमसें धरमजयगढ़ वन मंडल में 126 हाथी मौजूद हैं। जिसमें 41 नर, 60 मादा और 25 शावक हैं। इसके अलावा रायगढ़ वन मंडल में 8 हाथियों का दल है और इसमें 2 नर, 2 मादा और 4 शावक शामिल हैं।