Thursday, 12 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

सतना में 6 हजार बकायादारों को नोटिस जारी:54.83 करोड़ रुपए की वसूली के लिए 15 दिन का समय; भुगतान नहीं करने पर संपत्तियां सील होंगी और कुर्की होगी

INT News12 November 2026 at 06:42 pm

सतना नगर निगम ने 50 हजार रुपए से ज्यादा संपत्तिकर बकाया रखने वाले करीब 6 हजार करदाताओं को नोटिस जारी किए हैं। इन पर कुल 54 करोड़ 83 लाख रुपए बकाया हैं। भुगतान के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। इसके बाद संपत्तियां सील करने और कुर्की की कार्रवाई होगी। आयुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा के निर्देश पर नोटिस जारी किए गए हैं। निगम कर्मचारियों ने सभी चिह्नित करदाताओं तक नोटिस पहुंचाए हैं। आयुक्त ने राजस्व अमले को वसूली अभियान तेज करने और समय-सीमा के बाद नियम के मुताबिक कार्रवाई करने को कहा है। बकायादारों की सूची में आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियों के साथ औद्योगिक क्षेत्र, ट्रांसपोर्ट नगर और शासकीय संस्थान भी शामिल हैं। 15 दिन के भीतर बकाया कर जमा करने की अपील नगर निगम के मुताबिक, सीलिंग और कुर्की की कार्रवाई के दौरान एसडीएम मौजूद रहेंगे। जरूरत पड़ने पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की मदद ली जाएगी। कर जमा करने के लिए नगर निगम के पांचों जोन कार्यालयों और मुख्यालय में विशेष काउंटर शुरू किए गए हैं। बकायादार यहां अपनी लंबित राशि जमा कर सकते हैं। आयुक्त ने संबंधित करदाताओं से नोटिस मिलने के 15 दिन के भीतर बकाया कर जमा करने की अपील की है।