Saturday, 1 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

मौसम : 6 अगस्त तक इन राज्यों में होगी भारी बारिश, बिहार-झारखंड में भी अलर्ट

INT News1 August 2026 at 04:38 am

Weather Forecast : मौसम विभाग ने प्रेस रिलीज जारी करके बताया कि 1 अगस्त को पश्चिमी मध्य प्रदेश में कई जगह बारिश होने की संभावना है. वहीं, 3 से 6 अगस्त के दौरान छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में भी अच्छी बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

झारखंड का मौसम कैसा रहेगा?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, झारखंड में 1 से 3 अगस्त तक मौसम का मिजाज लगभग एक जैसा बना रहेगा. इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और राज्य के कई हिस्सों में रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. खासकर दोपहर से शाम के बीच कई इलाकों में गर्जन के साथ बारिश हो सकती है.

बिहार का कैसा रहेगा मौसम?

1 अगस्त को बिहार में मौसम का मिजाज मिला-जुला रहने की संभावना है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के मध्य और दक्षिणी जिलों, जैसे पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, वैशाली, बेगूसराय, नालंदा, गया, नवादा, भागलपुर, बांका, मुंगेर और जमुई में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. वहीं पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी बिहार के जिलों, जिनमें पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, बक्सर, रोहतास, कैमूर, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, अररिया और सुपौल शामिल हैं, वहां कुछ स्थानों पर हल्की बारिश देखने को मिल सकती है.

दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा?

दिल्ली में 1 से 3 अगस्त के बीच मौसम नम बना रहेगा. इस दौरान अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, तीनों दिन आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे. सुबह से दोपहर तक कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है, जबकि दोपहर और शाम के समय कई इलाकों में हल्की बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है. 3 अगस्त को कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की भी संभावना है.

यूपी का मौसम कैसा रहेगा?

1 अगस्त 2026 को उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय रहने की संभावना है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश, जैसे लखनऊ, गोरखपुर, अयोध्या, बस्ती, गोंडा, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, देवरिया, बलिया, वाराणसी, जौनपुर, आजमगढ़ और प्रयागराज में कई स्थानों पर बारिश दर्ज हो सकती है. वहीं पश्चिमी और बुंदेलखंड क्षेत्र, जिनमें मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, झांसी, बांदा, हमीरपुर और महोबा शामिल हैं, वहां भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है.

राजस्थान में फिर बरसेंगे बादल, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

राजस्थान में मानसून अभी सक्रिय बना हुआ है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, अजमेर और उदयपुर संभाग में बारिश का दौर जारी रहेगा. कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर तेज बारिश भी हो सकती है. विभाग ने कोटा, उदयपुर और आसपास के जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. वहीं, जोधपुर संभाग के दक्षिणी हिस्सों में 1 और 2 अगस्त को कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है.

मौसम विभाग का पूरा प्रेस रिलीज पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.