समाचार · मध्य प्रदेश
पाटखेड़ा में हाईस्कूल व जनसमस्याओं पर सिंधिया ने कलेक्टर को लिखा पत्र
भास्कर संवाददाता | पाटखेड़ा केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कलेक्टर को पत्र लिखकर जनपद पंचायत ईसागढ़ के ग्राम पाटखेड़ा की प्रमुख जनसमस्याओं के निराकरण के लिए आग्रह किया है। दरअसल, जनपद पंचायत ईसागढ़ के वार्ड क्रमांक 12 की जनपद सदस्य रजनी महेश कुमार रजक ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को एक आवेदन दिया था। आवेदन में पाटखेड़ा में हायर सेकंडरी स्कूल, गोशाला तथा प्रसव सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई है, जिससे ग्रामीणों को शिक्षा एवं स्वास्थ्य संबंधी बेहतर सुविधाएं मिल सकें। सिंधिया ने उक्त आवेदन को कलेक्टर के पास भेजते हुए अनुरोध किया है कि मामले में नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा है कि की गई कार्रवाई से उन्हें तथा आवेदक को अवगत कराया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में हायर सेकंडरी स्कूल नहीं होने से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज क्षेत्र में जाना पड़ता है। इसके चलते कई छात्र-छात्राओं को अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़ना पड़ती थी। इसी तरह प्रसव सुविधा के अभाव में गर्भवती महिलाओं को समय पर उपचार नहीं मिल पाता। गोशाला की मांग लंबे समय से की जा रही है, जिससे निराश्रित गौवंश की समस्या का समाधान हो सके।