समाचार · मध्य प्रदेश
क्राफ्ट विलेज प्राणपुर में कलश यात्रा के साथ पार्थिव शिवलिंग निर्माण
प्राणपुर | सावन मास के पहले ही दिन से क्राफ्ट विलेज प्राणपुर में धार्मिक उत्सव का माहौल बन गया है। सोनी भवन में श्री श्री 1008 पार्थिवेश्वर शिवलिंग निर्माण एवं पांच दिवसीय रुद्राभिषेक महोत्सव की भव्य शुरुआत एक विशाल कलश यात्रा के साथ हुई। इस पावन अनुष्ठान के मुख्य यजमान सोनेंद्र सोनी एवं धर्मेंद्र कुमार सोनी हैं। पांच दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन का मार्गदर्शन आचार्य पंडित वेद प्रकाश शास्त्री द्वारा किया जा रहा है। पंडित शास्त्री के आचार्यत्व में श्रद्धालु प्रतिदिन पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण कर विधिवत पूजन व रुद्राभिषेक करेंगे। सावन की शुरुआत के साथ ही पूरा गांव बम-बम भोले के जयकारों से गुंजायमान हो उठा है। पंडित शास्त्री ने बताया कि सावन में पार्थिव शिवलिंग का पूजन अत्यंत फलदायी होता है। अनुष्ठान का समापन मुरादपुर स्थित बंदी तालाब में शिवलिंगों के विसर्जन के साथ होगा। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में भारी उत्साह है।