समाचार · मध्य प्रदेश
शादी का झांसा देकर ढाई लाख रु. ठगे, झूठे केस में फंसाने की धमकी
भास्कर संवाददाता | अशोकनगर शादी कराने के नाम पर ढाई लाख रुपए की ठगी करने और पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर के नाम आवेदन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। ग्राम सांदोह निवासी दीपक रघुवंशी ने बताया कि शाढ़ौरा के वार्ड 12 में रहने वाली युवती ने उसे शादी का झांसा दिया था। युवक ने आवेदन में बताया कि करीब 2 से 2.5 लाख रुपए ले लिए थे जिनके सबूत भी उसके पास है। उनकी कोर्ट मैरिज भी हो रही थी, जिसके दस्तावेज भी युवक के पास ही हैं। जब वह 5 जुलाई को जरूरत पड़ने पर अपने पैसे वापस मांगने के लिए युवती के घर पहुंचा, तो दोनों युवतियों ने पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया। इसके साथ ही उसके साथ अपशब्द बोले और जान से मारने और किसी गंभीर झूठे आपराधिक केस में फंसाने की धमकी दी। इस मामले के बाद से युवक परेशान है और लगातार उसे धमकियां मिल रही हैं।