Saturday, 1 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

वनकर्मी पर हमले से भड़का आक्रोश, कलेक्ट्रेट परिसर में धरना प्रदर्शन किया

INT News1 August 2026 at 05:57 am

भास्कर संवाददाता| अशोकनगर मुंगावली क्षेत्र के किरौला में वनकर्मी पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में गुरुवार को जिले के वनकर्मी एकजुट होकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने नारेबाजी करते हुए धरना दिया और आरोपियों के घरों व अवैध निर्माण पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि तीन दिन के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो अनिश्चितकालीन हड़ताल और धरना शुरू किया जाएगा। धरने के दौरान वनकर्मी कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर बैठ गए। स्थिति को देखते हुए एसडीएम और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा कर्मचारियों से चर्चा कर उन्हें शांत कराया। डिप्टी रेंजर विनीता साहू ने भावुक होकर कहा कि क्या प्रशासन उनके लिए 10 मिनट का समय भी नहीं निकाल सकता। इस पर एसडीएम ने कहा कि पूर्व सूचना मिलने पर बेहतर व्यवस्था की जा सकती थी। मप्र वनकर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष आशीष शर्मा ने कहा कि शासकीय संपत्ति और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करने वाले कर्मचारियों पर हमला कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है। मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन सौंपकर वनकर्मियों की सुरक्षा के लिए राज्य स्तर पर ठोस नीति बनाने की मांग की गई। एएसपी ने भी प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।