समाचार · मध्य प्रदेश
खेत में दवा छिड़कने गए भाई- बहन की कुएं में डूबकर मौत
अशोकनगर | देहात थाना क्षेत्र के पाकोन गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में खेत पर कीटनाशक दवा का छिड़काव करने गए सगे भाई-बहन की कच्चे कुएं में डूबने से मौत हो गई। घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतकों की पहचान 19 वर्षीय आकाश यादव पुत्र स्व. दुष्यंत यादव और उसकी 17 वर्षीय बहन नेहा यादव के रूप में हुई है। दोनों गुरुवार दोपहर खेत पर कीटनाशक का छिड़काव करने गए थे। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजन उनकी तलाश में खेत पहुंचे। वहां कच्चे कुएं के पास कीटनाशक छिड़कने वाला पंप और पानी की कैन पड़ी मिली। जब परिजनों ने कुएं में देखा तो नेहा का शव पानी में तैरता मिला। सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ ने सर्च ऑपरेशन चलाकर आकाश का शव कुएं के तल में मिट्टी में धंसा हुआ बरामद किया। उसके सिर पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस का मानना है कि कुएं में गिरते समय उसका सिर दीवार या पत्थर से टकराया होगा। दोनों शव अकड़े हुए मिले, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि हादसा दोपहर में हुआ। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आकाश और नेहा के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। अब परिवार में उनकी मां और विवाहित बड़ी बहन हैं। एक ही दिन में बेटे-बेटी को खोने से मां का रो-रोकर बुरा हाल है। पानी भरते समय हादसा होने की जताई आशंका देहात थाना प्रभारी पूनम सेलर के अनुसार अनुमान लगाया जा रहा है कि दोनों भाई-बहन खेत में दवा का छिड़काव करने पहुंचे थे और संभवत: दवा घोलने के लिए इसी कच्चे कुएं से पानी भर रहे थे। लगातार बारिश के कारण कुएं के आसपास की मिट्टी फिसलन भरी थी। आशंका है कि पहले एक का पैर फिसला और उसे बचाने के प्रयास में दूसरा भी कुएं में गिर गया। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।