समाचार · मध्य प्रदेश
महू आलमपुर में वैदिक यज्ञ के साथ रोपे पौधे
भास्कर संवाददाता | अशोकनगर मप्र जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्था श्री युगल सरकार श्रीमद्भगवद्गीता स्वाध्याय सेवा समिति ने सेक्टर 04 राजपुर के आदर्श ग्राम महू आलमपुर में जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक यज्ञ और श्री हनुमान चालीसा पाठ के साथ हुआ। इसके बाद एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत गांव में अनार, आंवला, अमरूद, सीताफल, नींबू, जामुन और बेल के 15 फलदार पौधे रोपे गए। समिति के सदस्य बलवीर सिंह यादव ने सभी उपस्थित ग्रामीणों को रोपे गए पौधों की सुरक्षा करने, गांव की गलियों को स्वच्छ रखने और सिंगल-यूज प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में सामाजिक सरोकारों पर भी विशेष ध्यान दिया गया। रामबली यादव ने ग्रामीणों से दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने और नशे से दूर रहने की अपील की। योग प्रशिक्षक धनपाल ने युवाओं को नियमित योग करने के फायदे बताए। इस अवसर पर ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष बृजमोहन यादव, सचिव नंदराम कुशवाह सहित बड़ी संख्या में बच्चे, युवा और बुजुर्ग मौजूद रहे।