Saturday, 7 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

बैच-बिल्ला उतरवाने में 5 मिनट लगेंगे, सारी गर्मी उतर जाएगी:इंदौर में बीजेपी पार्षद के समर्थक पर पुलिसकर्मी को धमकाने का आरोप; वीडियो वायरल

INT News7 November 2026 at 09:38 pm

इंदौर में पुलिसकर्मी को धमकाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक वर्दीधारी पुलिसकर्मी श्रवण से बहस करते हुए उसे बैच-बिल्ला उतरवाने की धमकी देता सुनाई दे रहा है। युवक कहता है- 'मेरी बात सुनना, यह बैच और बिल्ला उतारने में पांच मिनट लगेंगे, सारी गर्मी उतर जाएगी।' युवक की पहचान सूरज शर्मा के रूप में बताई जा रही है। उसे द्वारकापुरी क्षेत्र के भाजपा पार्षद राकेश जैन का समर्थक बताया जाता है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिसकर्मी से अभद्रता और उसे धमकाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिसकर्मी से बहस कर बैच-बिल्ला उतरवाने की धमकी वायरल वीडियो में युवक पुलिसकर्मी श्रवण से ऊंची आवाज में बात करता नजर आ रहा है। वह बार-बार अपनी बात सुनने के लिए कहता है। इस पर पुलिसकर्मी उसे सम्मान से बात करने की समझाइश देता है। वह कहता है- 'तू-तू मत कर, कोई भी हो। आराम से बात करो, थाने चलो, वहीं बात करेंगे।' इसके बाद युवक बैच-बिल्ला उतरवाने की धमकी देते हुए कहता है कि इसमें पांच मिनट लगेंगे और सारी गर्मी उतर जाएगी। वीडियो में वह अपने पास कैमरे लगे होने की बात भी कहता सुनाई देता है। मौके पर मौजूद एक चौकीदार अपनी समस्या बताने की कोशिश करता है, लेकिन युवक उसे बीच में ही रोक देता है। एक साल पहले पिस्टल दिखाकर धमकाने का भी आरोप सूरज शर्मा से जुड़ा एक पुराना मामला भी सामने आया है। करीब एक साल पहले एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल ने पड़ोसी को पिस्टल दिखाकर धमकाने के आरोप में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। हालांकि, बाद में जांच में जिस हथियार को पिस्टल बताया गया था, वह लाइटर निकला था। थाना प्रभारी बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई मामले में द्वारकापुरी थाना प्रभारी अजय नायर ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।