समाचार · हरियाणा
सोनीपत में ब्लॉक स्तरीय सर्वोच्च माता पुरस्कार प्रतियोगिता:मीनू-भारती और रेनू ने मारी बाजी; पोषण और टीकाकरण की जानकारी परखी
सोनीपत जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आज गोहाना ब्लॉक में ब्लॉक स्तरीय सर्वोच्च माता पुरस्कार योजना प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी सुशीला देवी ने की। प्रतियोगिता में ब्लॉक के सभी आठ सर्कलों में आयोजित सर्कल स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता में शामिल महिलाओं की पोषण, टीकाकरण और संतुलित आहार से संबंधित जानकारी का आकलन करने के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की गई। जिसके आधार पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली महिलाओं का चयन किया गया। आयुष्मान आईडी बनवाने बारे बताया प्रतियोगिता के दौरान उपस्थित माताओं एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को बच्चों के स्वास्थ्य एवं सर्वांगीण विकास के लिए टीकाकरण, संतुलित आहार और पोषण के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही सभी लाभार्थियों को आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट आईडी बनवाने की प्रक्रिया के बारे में बताया गया। लिंगानुपात के दुष्प्रभावों के बारे समझाया प्रतियोगिता में गढ़ी उजाले खां की मीनू ने प्रथम, गढ़ी सराय नामदार खां की भारती ने द्वितीय तथा गोहाना की रेनू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर महिलाओं को अपने-अपने क्षेत्रों में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के प्रति जागरूकता फैलाने तथा घटते लिंगानुपात के दुष्प्रभावों के बारे में लोगों को समझाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में ये रहे शामिल उन्हें बताया गया कि लड़कियों को भी लड़कों के समान आगे बढ़ने और जीवन में सफलता हासिल करने के अवसर प्रदान किए जाने चाहिए। कार्यक्रम में सर्कल सुपरवाइजर इंद्रावती, सविता, पूनम, रेखा, सविता, अंजली, नीलम और सपना, आंकड़ा सहायक सुमन, लिपिक विकास, लेखपाल प्रवीण तथा स्वास्थ्य विभाग से डॉ. चक्रवर्ती सहित अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।