समाचार · मध्य प्रदेश
BSF जवान के पास सवा लाख की शराब मिली, गिरफ्तार:दिल्ली से छतरपुर लाया, बोतल पर ओनली डिफेंस यूज का लेबल
छतरपुर में सिटी कोतवाली पुलिस ने BSF जवान रमाशंकर तिवारी को 63 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, वह दिल्ली से आने वाली यात्री बस से शराब छतरपुर ला रहा था। शुक्रवार को उसे महोबा रोड फोरलेन हाईवे के ओवरब्रिज के पास यात्री प्रतीक्षालय से पकड़ा गया। तलाशी में उसके चार बैग से 84 बोतलें मिलीं। शराब की कीमत करीब 1 लाख 32 हजार रुपए बताई गई है। इनमें रेड लेबल, ब्लैक एंड व्हाइट, सिग्नेचर और अन्य कंपनियों की शराब थी। शराब पर ‘ओनली डिफेंस यूज’ का लेबल होने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में गश्त के दौरान टीम को महोबा रोड पर शराब ले जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस यात्री प्रतीक्षालय पहुंची और वहां बैठे व्यक्ति की तलाशी ली। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रमाशंकर पिता नंदन तिवारी, निवासी घोसियाना मोहल्ला, बसारी दरवाजा, छतरपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने शराब जब्त कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया और उसे न्यायालय में पेश किया।