sports
पीवी सिंधु बनीं IOA एथलीट आयोग की अध्यक्ष, हरमनप्रीत सिंह को मिली उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी

PV Sindhu: भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु को भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के एथलीट आयोग का अध्यक्ष चुना गया है. वहीं, भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगे. दोनों खिलाड़ियों को निर्विरोध चुना गया है. इसके अलावा ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू और तैराक साजन प्रकाश को आईओए की आम सभा में खिलाड़ियों के प्रतिनिधि के रूप में चुना गया है.
भारतीय खेल जगत के लिए छह नवंबर का दिन अहम रहा. दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु और दो बार के ओलंपिक पदक विजेता हॉकी कप्तान हरमनप्रीत सिंह को भारतीय ओलंपिक संघ के एथलीट आयोग में बड़ी जिम्मेदारी मिली है. दोनों ही पदों के लिए केवल एक-एक नामांकन आने के कारण चुनाव अधिकारी संजय के श्रीवास्तव ने उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया.
मीराबाई चानू और साजन प्रकाश भी बने प्रतिनिधि
एथलीट आयोग के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के अलावा आईओए की आम सभा में खिलाड़ियों के प्रतिनिधियों की दो सीटों के लिए भी चुनाव होना था. इन पदों पर भारोत्तोलक मीराबाई चानू और तैराक साजन प्रकाश ने नामांकन दाखिल किया था. दोनों ही अपनी-अपनी सीट के लिए अकेले उम्मीदवार थे. ऐसे में उन्हें भी निर्विरोध चुन लिया गया.
इस नियुक्ति के बाद मीराबाई चानू और साजन प्रकाश पांच दिसंबर को होने वाले आईओए चुनाव में मतदान करने के पात्र हो गए हैं. वहीं, सिंधु और हरमनप्रीत पांच दिसंबर को राष्ट्रीय ओलंपिक निकाय के चुनाव के बाद गठित होने वाली आईओए की कार्यकारी परिषद का हिस्सा बनेंगे.
ये भी पढ़ें: सिर्फ 3 प्लेयर्स को BCCI देती है ग्रेड A की सैलरी, जानें किस ग्रेड में है रोहित-कोहली का नाम; देखें पूरी लिस्ट
2026 से 2030 तक रहेगा कार्यकाल
इन चारों खिलाड़ियों का कार्यकाल चार साल यानी 2026 से 2030 तक रहेगा. निर्विरोध निर्वाचन के कारण शनिवार को होने वाली आईओए की आम सभा में इन पदों के लिए मतदान नहीं कराया जाएगा. चुनाव अधिकारी इस संबंध में औपचारिक अधिसूचना जारी करेंगे.
आईओए के नियमों के मुताबिक एथलीट आयोग के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष में से एक पुरुष और एक महिला खिलाड़ी होना जरूरी है. यही व्यवस्था आम सभा में खिलाड़ियों के दो प्रतिनिधियों के चयन के लिए भी लागू होती है.
एथलीट आयोग में शामिल हैं ये खिलाड़ी
आईओए एथलीट आयोग में सिंधु और हरमनप्रीत के अलावा कई अन्य अनुभवी खिलाड़ी भी शामिल हैं. इनमें भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे, निशानेबाज स्वप्निल कुसाले, तलवारबाज भवानी देवी, गोला फेंक खिलाड़ी तजिंदरपाल सिंह तूर, पूर्व तीरंदाज बॉम्बेला देवी और कयाकिंग एवं कैनोइंग खिलाड़ी मनजीत सिंह के नाम शामिल हैं.
गौरतलब है कि पीवी सिंधु, मीराबाई चानू और भवानी देवी इससे पहले दिग्गज मुक्केबाज एमसी मैरीकॉम की अध्यक्षता वाले एथलीट आयोग की भी सदस्य रह चुकी हैं.
ये भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी बने बिहार के कप्तान, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए 17 सदस्यीय टीम घोषित