समाचार · झारखंड
झारखंड के 15 जिलों में बारिश के आसार, 11 नवंबर से छाएंगे बादल; छठ पर बढ़ेगी ठंड या खिलेगी धूप?

Jharkhand Weather Update: झारखंड में नवंबर के दूसरे सप्ताह के साथ ही मौसम का मिजाज बदलने लगा है. राज्य के लोगों को अब सुबह और देर रात हल्की ठंड का एहसास होने लगा है, जबकि दिन में तेज धूप निकलने के कारण तापमान सामान्य बना हुआ है. इसी बीच आंध्र प्रदेश से उठे एक ट्रफ के उत्तर प्रदेश, ओडिशा और छत्तीसगढ़ होते हुए झारखंड की ओर बढ़ने से 10 नवंबर से मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार, 11 नवंबर को राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं.वहीं, कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है.
तापमान में उतार-चढ़ाव से बढ़ी रात की ठंड
मौसम में बदलाव के बीच झारखंड के कई जिलों के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. राजधानी रांची में सोमवार को अधिकतम तापमान में 2.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई, जबकि न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया. इससे रात और सुबह के समय ठंड का असर बढ़ गया है.
रांची में अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, मेदिनीनगर में अधिकतम तापमान एक डिग्री और न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस कम हुआ है.
10 नवंबर को 15 जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, मंगलवार यानी 10 नवंबर को झारखंड के कई जिलों में मौसम बदल सकता है. कहीं-कहीं आसमान में बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश होने की संभावना है.
जिन जिलों में बारिश के आसार जताए गए हैं, उनमें गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, रांची, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं. इन जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. वहीं, राज्य के बाकी नौ जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है.
रांची समेत छह जिलों में कितना रहेगा तापमान?
बारिश और बादलों के बीच राज्य के अलग-अलग जिलों में तापमान में अंतर देखने को मिलेगा. मौसम विभाग के मुताबिक, रांची में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. इसके अलावा पलामू में 29-17 डिग्री, बोकारो में 29-20 डिग्री, रामगढ़ में 29-18 डिग्री और हजारीबाग में 29-19 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने की संभावना है.
10 से 15 नवंबर तक कैसा रहेगा मौसम?
झारखंड में अगले छह दिनों के दौरान मौसम में कई तरह के बदलाव देखने को मिल सकते हैं. 10 नवंबर को कई जिलों में आंशिक बादल, गरज-चमक और कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है. 11 नवंबर को रांची में सुबह धुंध और दिन में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। वहीं, कुछ पूर्वी जिलों में बारिश होने के आसार हैं.
12 नवंबर से मौसम में सुधार होने का अनुमान है. इस दिन अधिकांश जिलों में आसमान साफ रह सकता है, हालांकि सुबह हल्का कुहासा देखने को मिल सकता है. 13 नवंबर को भी सुबह धुंध रहने और दिन में मौसम साफ रहने की संभावना है. इसके बाद 14 नवंबर को राज्य के ज्यादातर जिलों में मौसम शुष्क बना रह सकता है. 15 नवंबर को सुबह हल्की धुंध के बाद दिन में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है.
छठ पूजा पर बारिश का खतरा या साफ रहेगा आसमान?
छठ पूजा की तैयारियों के बीच मौसम का पूर्वानुमान श्रद्धालुओं के लिए राहत देने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार, 15 नवंबर को राजधानी रांची में मुख्य रूप से आसमान साफ रहने की संभावना है.हालांकि, सुबह के समय हल्की धुंध रह सकती है. इस दिन के लिए फिलहाल किसी तरह की मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है.
हालांकि, छठ से पहले 10 और 11 नवंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी हुई है. ऐसे में इन दो दिनों के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है.
ये भी पढ़ें: दीपावली के बाद बिगड़ी रांची की हवा, धुर्वा में 193 तो दीपाटोली में 191 पहुंचा AQI
अर्घ्य के समय महसूस होगी ठंड, गर्म कपड़े रखना जरूरी
छठ पूजा के दौरान सुबह और शाम के समय श्रद्धालुओं को ठंड का सामना करना पड़ सकता है. मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, 15 नवंबर को रांची का न्यूनतम तापमान करीब 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. ऐसे में तड़के घाटों पर जाने वाले व्रतियों और श्रद्धालुओं को ठंड महसूस हो सकती है.
कुल मिलाकर, 10 और 11 नवंबर को झारखंड के कई जिलों में बादल, हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है. वहीं, 12 नवंबर से मौसम के धीरे-धीरे साफ होने का अनुमान है.
ये भी पढ़ें: Nisha Bhagat Suicide Case: महिला आयोग ने 7 दिनों में मांगी रिपोर्ट, जनजातीय आयोग भी सक्रिय