समाचार · पंजाब
जालंधर के राओवाली में सजेगी दीपावली पटाखा मार्केट:410 में से 20 व्यापारियों को मिले लाइसेंस, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
जालंधर के पठानकोट रोड स्थित गांव राओवाली में पटाखा मार्केट लगाने की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। सोमवार को प्रशासन की ओर से रेडक्रॉस भवन में लकी ड्रा निकाला गया। इसमें कुल 410 आवेदकों में से 20 कारोबारियों को पटाखों की अस्थायी दुकानों के लिए लाइसेंस जारी किए गए हैं। इसके अलावा 2 अतिरिक्त ड्रा भी निकाले गए हैं, ताकि किसी व्यापारी का लाइसेंस रद्द होने पर उन्हें मौका दिया जा सके। 410 आवेदकों के बीच निकाला गया ड्रा त्योहारी सीजन में पटाखा बाजार सजाने के लिए शहर भर के कारोबारियों में भारी उत्साह देखा गया। अस्थायी दुकानें लगाने के लिए कुल 410 व्यापारियों ने आवेदन जमा कराए थे। एडीसी अमनिंदर कौर की मौजूदगी में पारदर्शिता के साथ ड्रा की प्रक्रिया पूरी की गई। 20 सफल कारोबारियों के नाम की घोषणा के बाद प्रशासन ने तुरंत उनके लाइसेंस जारी कर दिए। सुरक्षा नियमों का पालन करना अनिवार्य प्रशासन ने पटाखा व्यापारियों को सुरक्षा मानकों और निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन करने के आदेश दिए हैं। हादसों से बचाव के लिए हर दुकान के बाहर रेत से भरी बाल्टियां, पानी की टंकियां और अग्निशमन यंत्र रखना जरूरी किया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कोर्ट में मामला जाने से खराब हुए 6 दिन दूसरी ओर, पटाखा मार्केट के प्रधान विकास भंडारी ने बताया कि तैयारियों में थोड़ी देरी हुई है। गांव के सरपंच द्वारा अदालत में याचिका दायर किए जाने की वजह से करीब 6 दिन का समय खराब हो गया था। हालांकि, बाद में आपसी सहमति से समझौता हो गया और कोर्ट से केस वापस ले लिया गया। अब मार्केट में तेजी से दुकानें तैयार की जा रही हैं। कारोबारियों ने उठाई जगह की समस्या पटाखा एसोसिएशन ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि हर बार बाजार लगाने के लिए सही जगह ढूंढने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। पिछली बार जगह कम होने से पार्किंग की भारी किल्लत हुई थी। व्यापारियों ने नुकसान की भरपाई न हो पाने की चिंता भी जताई। इस बार बेहतर व्यवस्था के लिए 13 एकड़ की बड़ी जगह पर पटाखा मार्केट सजाई जा रही है।