Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

पिता की एक 'हाँ' और पहुँच गई बारात, हापुड़ में प्रेमिका के दरवाजे पर मचा बवाल, थाने में हुआ 'क्लाइमेक्स'

INT News10 November 2026 at 07:48 am

UP Hapur Love Story (पवन तोमर): उत्तर प्रदेश के हापुड़ में प्रेम प्रसंग का एक ऐसा मामला सामने आया, जहां शादी की बात पर पिता के दिए जवाब को युवक ने सच मान लिया और अगले ही दिन पूरी बारात लेकर प्रेमिका के घर पहुंच गया. अचानक बारात देखकर युवती के परिजन नाराज हो गए. शादी को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट तक पहुंच गया. सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई. यहां कई घंटे चली बातचीत के बाद युवती ने युवक के साथ जाने की इच्छा जताई. इसके बाद आपसी सहमति से उसे युवक के साथ विदा कर दिया गया.

तीन साल से चल रहा था प्रेम संबंध

मामला हापुड़ देहात क्षेत्र के एक गांव का है. पुलिस के मुताबिक, बाबूगढ़ क्षेत्र के रहने वाले युवक का हापुड़ देहात के एक गांव की युवती से करीब तीन वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे. दीपावली की रात युवक ने हिम्मत जुटाकर युवती के पिता से शादी कराने की बात कही थी.

पिता के जवाब को समझ लिया सहमति

बताया गया कि युवती के पिता ने युवक से अगले दिन आने की बात कह दी. युवक ने इसे शादी के लिए सहमति समझ लिया. सोमवार को वह अपने परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और दोस्तों को साथ लेकर बाकायदा बारात के रूप में प्रेमिका के घर पहुंच गया. अचानक बारात दरवाजे पर देखकर युवती के परिजन नाराज हो गए और दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया.

शादी की चर्चा के बीच हुई मारपीट

घर पर बारात पहुंचने के बाद दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई और फिर मामला मारपीट तक पहुंच गया. हंगामा बढ़ने पर किसी ने पुलिस को सूचना दे दी. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और विवाद शांत कराने के बाद युवक तथा युवती के परिजनों को थाने ले आई. इसके बाद थाने में दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बातचीत और समझौते का प्रयास चलता रहा.

युवती ने युवक के साथ रहने की जताई इच्छा

थाने में पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनी. इस दौरान युवती ने स्पष्ट कर दिया कि वह बालिग है और अपनी इच्छा से युवक के साथ रहना चाहती है. युवक-युवती दोनों के बालिग होने और युवती की सहमति सामने आने के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया. इसके बाद युवती युवक के साथ चली गई.

पुलिस की मौजूदगी में हुआ मामला शांत

थाना हापुड़ देहात प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि बाबूगढ़ क्षेत्र के युवक और हापुड़ देहात क्षेत्र की युवती के बीच करीब तीन साल से प्रेम प्रसंग था. दीपावली की रात युवक ने युवती के पिता से शादी की बात की थी. अगले दिन वह बारात लेकर पहुंच गया, जहां दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट हो गई. पुलिस दोनों पक्षों को थाने लेकर आई थी. बातचीत के बाद दोनों पक्षों में सहमति बन गई और युवती की इच्छा के अनुसार उसे युवक के साथ भेज दिया गया.