Friday, 6 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

26 इको विकास समितियों की महिलाएं बनीं ‘बाघिन दीदी’:कान्हा में ग्रामीणों को जंगल-वन्यजीव सुरक्षा के लिए जागरूक करने की जिम्मेदारी सौंपी

INT News6 November 2026 at 08:58 pm

मंडला के कान्हा टाइगर रिजर्व में शुक्रवार को ‘बाघिन दीदी’ सम्मेलन हुआ। इसमें 26 इको विकास समितियों से जुड़ी 40 महिलाओं और युवतियों ने हिस्सा लिया। सम्मेलन का उद्देश्य वन और वन्यजीवों के संरक्षण में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना था। कार्यक्रम कान्हा टाइगर रिजर्व के बफर जोन वनमंडल के मोतीनाला परिक्षेत्र स्थित कान्हा बाल उद्यान मनोरी में हुआ। इसमें महिलाओं को जंगलों की सुरक्षा, अवैध कटाई रोकने और वन्यजीवों के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। हर गांव से महिलाओं को जोड़ने पर जोर अधिकारियों ने कहा कि हर गांव की महिलाओं को ‘बाघिन दीदी’ संगठन से जोड़ा जाए, ताकि वे संरक्षण गतिविधियों में हिस्सा ले सकें। उनसे ग्रामीणों के बीच जंगल और वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया गया। खेल और रचनात्मक गतिविधियां भी हुईं सम्मेलन में महिलाओं ने फूलों से रंगोली बनाई। झाड़ू और पत्तल बनाने के साथ मटकी और झूमर सजाने जैसी गतिविधियां भी हुईं। बाघ, तेंदुआ और बारहसिंगा पर आधारित खेल और कुर्सी दौड़ आयोजित की गई। अंत में प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न के तौर पर सामग्री दी गई। कार्यक्रम में कान्हा टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक रवीन्द्र मणि त्रिपाठी, सहायक संचालक सिझोरा आशीष पाण्डेय और सहायक संचालक मलाजखंड सुनील पन्द्रे मौजूद रहे। विभिन्न परिक्षेत्रों के अधिकारी भी शामिल हुए। आयोजन में मोतीनाला परिक्षेत्र के वनकर्मियों और इको विकास समिति मनोरी के सदस्यों ने सहयोग किया। सम्मेलन के जरिए ग्रामीण महिलाओं को वन और वन्यजीव संरक्षण अभियान से जोड़ने की पहल की गई।