Thursday, 12 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national · महाराष्ट्र

मुंबई लोकल में हैवानियत! छेड़छाड़ का विरोध करने पर महिला को ट्रेन से धकेला, गंवाना पड़ा बायां हाथ

INT News12 November 2026 at 02:52 pm

सूफिया शेख 4 नवंबर की शाम बोरीवली से विरार जाने वाली लोकल ट्रेन में सफर कर रही थी. ट्रेन में काफी भीड़ होने के कारण वह गलती से दिव्यांग यात्रियों के लिए आरक्षित डिब्बे में चढ़ गई थी. इसी डिब्बे में आरोपी जितेंद्र हिरमुखे भी सफर कर रहा था. आरोप है कि उसने महिला के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी. महिला ने इसका विरोध किया तो दोनों के बीच बहस होने लगी.

नायगांव स्टेशन पर ट्रेन से नीचे धकेला

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने बताया कि ट्रेन जब नायगांव स्टेशन पहुंची तो भी विवाद जारी था. इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर महिला को ट्रेन से धक्का दे दिया. वह दो डिब्बों के बीच की जगह में गिर गई. महिला उठने की कोशिश कर रही थी, तभी ट्रेन चल पड़ी. इससे उसका बायां हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गया. उसे पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया और फिर आगे के इलाज के लिए मुंबई के कूपर अस्पताल में भर्ती कराया गया. चोट की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों को उसका बायां हाथ कोहनी के नीचे से काटना पड़ा.

ये भी पढ़ें: अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी को जान से मारने की मिली धमकी, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर मांगे 7 करोड़ रुपये

रुमाल से चेहरा छिपाकर भागा आरोपी, CCTV से पकड़ा गया

घटना के बाद आरोपी कथित तौर पर चेहरे पर रुमाल बांधकर वहां से फरार हो गया था. हालांकि, भायंदर रेलवे पुलिस ने अलग-अलग जगहों के CCTV फुटेज की जांच की और उसकी पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की पहचान नायगांव ईस्ट के वाकीपाड़ा निवासी 53 वर्षीय जितेंद्र हिरमुखे के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है. बताया गया है कि आरोपी कैंसर से पीड़ित है.

भायंदर रेलवे पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गणपत तुंबाडा ने बताया कि पुलिस ने कई स्थानों के CCTV फुटेज की जांच कर आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार किया. आरोपी ने घटना के बाद रुमाल से अपना चेहरा छिपा लिया था.