Monday, 26 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

entertainment

जिंदगी भर 'रॉकस्टार' के भरोसे नहीं बैठ सकते... 'रामायण' के गानों की ट्रोलिंग पर एआर रहमान का मुंहतोड़ जवाब

INT News26 October 2026 at 12:39 pm

रणबीर कपूर स्टारर मेगा-बजट फिल्म 'रामायण' के गानों को लेकर सोशल मीडिया पर मिक्स्ड रिएक्शन्स सामने आए हैं. खासकर फिल्म के ट्रैक 'रावण तांडव' को लेकर शुरुआत में काफी लोगों ने सवाल उठाए और ट्रोल करना शुरू कर दिया. अब इस पूरी ट्रोलिंग और आलोचना पर फिल्म के म्यूजिक डायरेक्टर और ऑस्कर विनर एआर रहमान ने पहली बार अपनी चुप्पी तोड़ी है. उन्होंने साफ कह दिया है कि कोई भी सच्चा कलाकार पुरानी कामयाबी के सहारे जिंदगी नहीं काट सकता.

"हमेशा रॉकस्टार के दौर में नहीं अटके रह सकते"

ट्रोलर्स अक्सर उनके नए गानों की तुलना उनकी पुरानी क्लासिक फिल्मों से करते हैं. इस पर हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में जवाब देते हुए एआर रहमान ने कहा कि वह जिंदगी भर 'रॉकस्टार' या 'स्लमडॉग मिलेनियर' की सफलता के भरोसे नहीं बैठ सकते. उन्होंने समझाया,

"एक कलाकार को कभी ठहरना नहीं चाहिए. आपको एक बहती नदी की तरह होना पड़ता है, जो लगातार आगे बढ़ती रहे."

उनका मानना है कि खुद को बार-बार दोहराने के बजाय हमेशा नए क्रिएटिव रास्ते तलाशना ज्यादा जरूरी है.

'कल बुराई कर रहे थे, आज मांग रहे हैं माफी'

रहमान ने यह भी बताया कि सोशल मीडिया पर लोगों का मूड कितनी जल्दी बदल जाता है. उन्होंने एक किस्सा शेयर करते हुए कहा कि वह खुद तो इंटरनेट पर ज्यादा वक्त नहीं बिताते, लेकिन उनका बेटा उन्हें हर बात का अपडेट देता रहता है. रहमान ने कहा,

"मेरा बेटा आकर मुझसे कहता है कि पापा, कल जो लोग आपके गानों की जमकर बुराई कर रहे थे, आज वही लोग सोशल मीडिया पर आपसे माफी मांग रहे हैं."

रहमान के मुताबिक, उन्होंने अपना काम पूरी ईमानदारी से किया है और उन्हें पूरा भरोसा है कि धीरे-धीरे लोग इसे जरूर सेलिब्रेट करेंगे.

ये भी पढ़ें: 'रामायण' का पहला गाना 'मंगल रंग' रिलीज, फैंस बोले- ये फिल्म पूरे भारतीय सिनेमा का इतिहास बदल देगी

फीडबैक और ट्रोलिंग देखने की एनर्जी ही नहीं बचती

सोशल मीडिया के नेगेटिव कमेंट्स को नजरअंदाज करने की वजह बताते हुए रहमान ने कहा कि एक गाने को फाइनल करने में बहुत ज्यादा मेहनत लगती है. उन्होंने कहा,

"हम किसी म्यूजिक को बनाने में इतनी ज्यादा मेहनत, रीटेक और सुधार करते हैं कि जब गाना आखिरकार रिलीज होता है, तो सोशल मीडिया पर लोगों का फीडबैक या कमेंट्स देखने की हमारे पास एनर्जी ही नहीं बचती."

15 साल पहले ठुकरा दिया था हॉलीवुड का ऑफर?

' रामायण ' के लिए रहमान हॉलीवुड के मशहूर संगीतकार हैंस जिमर के साथ मिलकर म्यूजिक कंपोज कर रहे हैं. रहमान ने खुलासा किया कि जिमर ने उन्हें करीब 14-15 साल पहले, यानी 'स्लमडॉग मिलेनियर' के ऑस्कर जीतने के ठीक बाद साथ काम करने का ऑफर दिया था.

हालांकि, उस समय रहमान काम से ब्रेक लेकर पूरी तरह आराम करने के मूड में थे, इसलिए बात नहीं बन पाई. अब इतने सालों बाद दोनों दुनिया के दिग्गज कंपोजर एक साथ आए हैं.

ये भी पढ़ें: ‘स्टेज पर लगता था जैसे मौत सामने खड़ी हो’, ऑस्कर विनर एआर रहमान को किस बात से लगता था इतना डर?

कब थिएटर्स में रिलीज होगी 'रामायण'?

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के रोल में नजर आएंगे. फिल्म का पहला पार्ट 5 नवंबर 2026 को दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगा, जबकि दूसरा पार्ट दिवाली 2027 में बड़े पर्दे पर दस्तक देगा.