समाचार · मध्य प्रदेश
पति-पत्नी पर चाकू से हमला, महिला की मौत:ढाई महीने से अलग थे दोनों, पत्नी से मिलने पहुंचा पति; घर में मौजूद युवक ने किया वार
खंडवा के किशोर नगर में गुरुवार शाम 5 बजे एक आरोपी ने पति-पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल है। उसके शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर चोट के निशान हैं। मोघट रोड पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान पूजा बाकोरे और घायल पति की पहचान अजय बाकोरे के रूप में हुई है। दोनों करीब ढाई महीने से अलग रह रहे थे। 10 साल पहले हुई थी शादी, 8 साल का बेटा पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, अजय और पूजा की शादी करीब 10 साल पहले हुई थी। दोनों का 8 साल का बेटा है। पिछले कुछ समय से उनके बीच मनमुटाव चल रहा था। अजय पिछले कुछ समय से पूजा को तलाश रहा था। अजय को जानकारी मिली कि पत्नी किशोर नगर में रह रही है। गुरुवार को अजय अपनी पत्नी से मिलने उसके घर पहुंचा। इसी दौरान घर में मौजूद तीसरे व्यक्ति ने हमला कर दिया। अजय की पत्नी पर भी चाकू से कई वार किए। डायल 112 की मदद से अस्पताल पहुंचाया घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। डायल 112 की मदद से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टर्स ने पूजा को मृत घोषित कर दिया। पूजा का खून ज्यादा बह चुका था, जबकि अजय का इलाज जारी है। घटना की जानकारी पर सीएसपी अभिनव बारंगे और मोघट रोड थाना प्रभारी विकास खिंची जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घायल अजय के बयान दर्ज किए हैं। हमलावर की पहचान और वजह तलाश रही पुलिस सीएसपी अभिनव बारंगे के मुताबिक, दंपती पर हमला करने वाले व्यक्ति की पहचान और वारदात के कारणों का पता लगाया जा रहा है। हमलावर कहां से आया और घटना के समय घर में क्या परिस्थितियां थीं, इसकी जांच भी की जा रही है।