Thursday, 12 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

‘खुशी है BJP नेता मां की किताब पढ़ रहे हैं’, प्रियंका गांधी बोली- लोगों ने कई झूठी कहानियां गढ़ीं, अब वह अपनी सच्चाई बता रही हैं

INT News12 November 2026 at 01:35 pm

केरल के वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपनी मां और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब Belonging: A Journey of Love को लेकर बीजेपी की आलोचना पर जवाब दिया है. उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी के भारत में रहने के दौरान, खासकर उनके वयस्क जीवन में, बीजेपी, आरएसएस और कई अन्य लोगों ने उनके बारे में तरह-तरह की बातें कहीं. उनके मुताबिक, लोगों ने सोनिया गांधी को लेकर झूठ बोला और कई कहानियां गढ़ीं, लेकिन वह लंबे समय तक चुप रहीं.

प्रियंका गांधी ने कहा कि अब उनकी मां अपनी कहानी खुद बता रही हैं और उन्हें ऐसा करने का पूरा अधिकार है. उन्होंने कहा कि यह अच्छी बात है कि बीजेपी के नेता उनकी मां की किताब पढ़ रहे हैं. प्रियंका ने तंज कसते हुए कहा कि इतने लंबे समय तक लोगों ने उनकी मां के बारे में झूठी बातें कहीं, इसलिए अब जब वह अपनी सच्चाई बता रही हैं तो विरोधियों की प्रतिक्रिया भी वैसी ही होगी. उन्होंने कहा, "मैं बहुत खुश हूं कि वे उनकी किताब पढ़ रहे हैं."

ये भी पढ़ें: Video: युद्ध स्मारक पर ठहाका लगा रहे थे अमेरिकी रक्षा मंत्री और अधिकारी, सैनिक ने सख्त लहजे में लगाई फटकार

सोनिया गांधी की किताब पर क्यों हो रहा विवाद?

सोनिया गांधी की किताब Belonging: A Journey of Love 10 नवंबर 2026 को प्रकाशित हुई है. इसमें उन्होंने अपने निजी जीवन, परिवार और राजनीतिक सफर से जुड़े अनुभव साझा किए हैं. किताब में इमरजेंसी, 1984 के सिख विरोधी दंगों और बाबरी मस्जिद विध्वंस जैसे मुद्दों पर उनकी टिप्पणियों को लेकर बीजेपी ने सवाल उठाए हैं. बीजेपी ने आरोप लगाया है कि किताब में नेहरू-गांधी परिवार और कांग्रेस से जुड़े ऐतिहासिक विवादों को सही तरीके से पेश नहीं किया गया है. वहीं, कांग्रेस नेताओं ने बीजेपी की आलोचना को किताब को राजनीतिक रंग देने की कोशिश बताया है.