समाचार · झारखंड
पिता का शव लेकर काशी जा रहे थे परिजन, दनुआ घाटी में भीषण हादसा, बेटे समेत 7 की मौत और 14 घायल

Dhanua Valley Accident . झारखंड के हजारीबाग जिले की धनुआ घाटी में सोमवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया. जीटी रोड पर सुबह करीब 10:30 बजे हुए इस हादसे में सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए. जिस परिवार के लिए यह यात्रा पिता को अंतिम विदाई देने की थी, उसी रास्ते में हुए इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया. यह एक ऐसे परिवार की कहानी है जो एक दुख से उबरने की कोशिश कर रहा था, लेकिन नियति ने एक और बड़ा आघात दिया.
पिता के अंतिम संस्कार के लिए निकली थी शवयात्रा
जानकारी के अनुसार, बिहारो सलैयाटांड अटका, बगोदर निवासी कुंजो पंडित का निधन सात नवंबर को हो गया था. इसके बाद परिजन और गांव के लोग उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए बनारस ले जाने की तैयारी में जुटे थे. सोमवार की सुबह करीब आठ बजे शवयात्रा बिहारो से निकली थी. पार्थिव शरीर को महिंद्रा वाहन (जेएच 05-एआर670) के ऊपर बने कैरियर पर रखकर ले जाया जा रहा था. वाहन में 20 से ज्यादा लोग सवार थे.
धनुआ घाटी में कैसे हुआ भीषण सड़क हादसा?
बताया जाता है कि रास्ते में वाहन के कैरियर पर रखे शव को बांधने वाली रस्सी ढीली हो गई थी. धनुआ घाटी में हथिया बाबा के समीप ढलान पर परिजनों ने वाहन को सड़क किनारे रोक दिया. इसके बाद कुछ लोग शव को बांधने वाली रस्सी ठीक करने लगे, जबकि अन्य लोग वाहन के आसपास खड़े थे. इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रेलर ने महिंद्रा वाहन को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगने से गाड़ी सड़क पर आ गई. इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते, बरही से बिहार की ओर जा रहे कोयला लदे ट्रक ने भी वाहन को जोरदार टक्कर मार दी.
दूसरी टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिंद्रा वाहन खाई में जा गिरा. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. दुर्घटना के बाद ट्रेलर और कोयला लदे ट्रक के चालक वाहन लेकर फरार हो गए.
हादसे में बेटे समेत सात लोगों की मौत
इस भीषण सड़क दुर्घटना में मृत बुजुर्ग कुंजो कुम्हार के पुत्र राजू पंडित, बहनोई रामेश्वर कुम्हार (65), बहू बुधनी देवी (45), पति लखन प्रजापति, दूसरी बहू सावित्री देवी, पति राजू पंडित, तीसरी बहू रूबिया देवी, पति सीता कुम्हार और दामाद ढोकला कुम्हार की मौत हो गई. इनके अलावा पड़ोसी रामकिशुन मंडल (4S) की भी मौत हो गई.
हादसे में 14 लोग घायल, अस्पताल में कराया गया भर्ती
दुर्घटना में 14 लोग घायल हुए हैं. घायलों में परमेश्वर प्रजापति, बेबी देवी, विनोद साव, दिलीप प्रजापति, उगनी देवी, सुनीता देवी, मोती पंडित, सीताराम कुम्हार (मृत कुंजो कुम्हार के पुत्र), फागुन प्रजापति (पुत्र), राजेंद्र प्रजापति, मुकेश पंडित, दीपनी देवी और सरजू महतो सहित अन्य लोग शामिल हैं. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए. थाना प्रभारी पंकज कुमार और चोरदाहा चेकपोस्ट प्रभारी नीतीश कुमार यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. स्थानीय लोगों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया. इसके बाद सभी को एंबुलेंस से सामुदायिक अस्पताल चौपारण पहुंचाया गया.
गंभीर घायलों को हजारीबाग मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर
सामुदायिक अस्पताल चौपारण में चिकित्सा प्रभारी डॉ. रजनीकांत और डॉ. पुष्पा कुमारी ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया. इसके बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग रेफर कर दिया गया.
बनारस में नहीं होगा अंतिम संस्कार, गांव में दी जाएगी अंतिम विदाई
धनुआ घाटी में हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार ने बनारस में अंतिम संस्कार करने का फैसला बदल दिया. अब मृतक कुंजो कुम्हार का अंतिम संस्कार 10 नवंबर को उनके गांव में किया जाएगा. घायल पुत्र फागुन प्रजापति, सीता कुम्हार और लखन कुम्हार गांव लौट आए हैं. जिस परिवार ने बुजुर्ग को अंतिम विदाई देने के लिए काशी जाने की तैयारी की थी, उसी परिवार पर रास्ते में हुए हादसे ने दुखों का पहाड़ तोड़ दिया.
ये भी पढ़ें: Ayushman Card: झारखंड की सहिया और आंगनबाड़ी सेविकाओं के परिवारों को 15 लाख का स्वास्थ्य सुरक्षा कवच