समाचार · मध्य प्रदेश
केंद्रीय मंत्री ने टीकमगढ़ में लोगों से मुलाकात की:दीपावली पर SIR की जानकारी दी; विदेशी ताकतों के खिलाफ एकजुट रहने की अपील
केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने शुक्रवार शाम टीकमगढ़ में लोगों से मुलाकात कर उन्हें दीपावली की बधाई दी। इसके बाद उन्होंने शहर के प्रबुद्ध जनों से चर्चा की और ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के बारे में जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने विदेशी ताकतों के खिलाफ एकजुट रहने की अपील भी की। डॉ. कुमार ने रिटायर्ड कॉलेज प्राचार्यों, वरिष्ठ अधिवक्ताओं, डॉक्टरों, साहित्यकारों, समाजसेवियों और व्यापारियों से मुलाकात की। उन्होंने उनके परिवारों के साथ भी समय बिताया। SIR को लेकर दी जानकारी केंद्रीय मंत्री ने प्रबुद्ध जनों को SIR से जुड़ी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अनुभवी लोगों का मार्गदर्शन युवाओं के सुरक्षित भविष्य और विकास में मददगार है। डॉ. कुमार ने आरोप लगाया कि विपक्ष SIR को लेकर लोगों में भ्रम फैलाने की योजना बना रहा है। उन्होंने इसे विदेशी ताकतों के इशारे पर किया जा रहा प्रयास बताया और कहा कि इससे देश के लोकतंत्र के सामने संकट खड़ा हो सकता है। बांग्लादेश और फ्रांस की घटनाओं का किया जिक्र डॉ. कुमार ने कहा कि देश में अराजकता का माहौल बनाया जा रहा है और बांग्लादेश व फ्रांस जैसी घटनाएं दोहराने की बात हो रही है। उन्होंने कहा कि SIR पहले भी कई बार हो चुका है। इसमें हटाए गए नाम मृतकों और दूसरी जगह जा चुके मतदाताओं के थे, जबकि नए मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े जा सके हैं। अंत में उन्होंने लोगों से विदेशी ताकतों के खिलाफ एकजुट रहने और लोकतंत्र को मजबूत करने की अपील की