national · महाराष्ट्र
मुंबई के रेलवे स्टेशन पर गूंजे छठ के भोजपुरी गाने, विवाद बढ़ा तो रेलवे ने दी सफाई

छठ पूजा से पहले मुंबई के कुछ रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाने बजाने को लेकर गुरुवार (12 नवंबर) को विवाद हो गया. सोशल मीडिया पर इसके वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया. रेलवे के अनाउंसमेंट सिस्टम से भोजपुरी गाने बजाए जाने पर कुछ मराठी भाषी लोगों और राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताई. उनका सवाल है कि रेलवे की इस व्यवस्था का इस्तेमाल सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए क्यों किया जा रहा है? इस मुद्दे पर रेलवे की भूमिका को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. हालांकि, छठ पूजा को लेकर भोजपुरी गाने बजाने के फैसले पर अलग-अलग रिएक्शन सामने आ रहे हैं.
विवाद पर मध्य रेलवे के एक प्रवक्ता ने सफाई दी है. उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशनों पर अलग-अलग मौकों पर खास विषयों से जुड़े छोटे गाने (जिंगल) और जागरूकता मैसेज बजाए जाते हैं. यह रेलवे की सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है.
प्रवक्ता ने इस कदम का बचाव करते हुए कहा, “मुंबई छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस और लोकमान्य तिलक टर्मिनस सहित कुछ स्टेशनों पर छठ पूजा से पहले भोजपुरी गाने बजाए जा रहे हैं. इन स्टेशनों से त्योहार के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं. ये गाने यात्रियों के लिए जरूरी सूचनाओं के प्रसारण में लगने वाले समय के अलावा उपलब्ध अतिरिक्त समय में बजाए जाते हैं.”
जरूरी अनाउंसमेंट के बाद ही बजते हैं गाने : रेलवे
मध्य रेलवे के प्रवक्ता ने बताया कि स्टेशनों पर जरूरी अनाउंसमेंट के बाद जो समय बचता है, उसी में ऐसे गाने और संदेश बजाए जाते हैं. इस विवाद के बाद यह बहस भी शुरू हो गई है कि क्या महाराष्ट्र के त्योहारों और वहां की सांस्कृतिक परंपराओं को भी रेलवे स्टेशनों पर इसी तरह जगह मिलनी चाहिए.
बता दें कि छठ चार दिनों तक चलने वाला त्योहार है. इसमें सूर्य देव और छठी मैया की पूजा होती है. बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में इसे बड़े पैमाने पर मनाया जाता है.