Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तराखंड

रिश्तों का कत्ल: नशे के लिए बेटे ने बाप को चाकू से गोदा, जमीन के लिए भांजे को खुखरी से काटा

INT News10 November 2026 at 07:55 am

दीपावली की खुशियों के बीच देहरादून में रिश्तों के कत्ल की तीन वारदातों से सनसनी फैल गई। राजपुर थाना क्षेत्र में नशे के लिए बेटे ने पिता को चाकू से गोद डाला। अधोईवाला में जमीन के विवाद में मामा ने भांजे की खुखरी से वारकर हत्या कर दी। डालनवाला क्षेत्र में दीवाली पार्टी के बाद हुए विवाद में दोस्तों ने दसवीं के छात्र की हत्या कर दी...नशे के लिए बेटे ने की बाप की चाकू से हत्यादेहरादून राजपुर थाना क्षेत्र में एक युवक ने पिता को चाकू से गोदकर मार डाला। पिता बेटे के हमले से बचने के लिए भाग रहे युवक को बचाने के लिए पहुंचे थे। पुलिस के अनुसर 62 वर्षीय मदन राणा निवासी चलांग कुल्हन सहस्रधारा रोड थाना राजपुर स्थित मकान में रहते हैं। आरोप है कि मदन का बेटा 35 वर्षीय नितिन नशे का आदी था। वह पड़ोस में अपने भांजे ऋषभ रावत के साथ रहता था।सोमवार शाम को नितिन ने भांजे से नशा खरीदने को रुपये मांगे। ऋषभ ने मना कर दिया। नितिन ने दरांती से ऋषभ पर हमला किया। ऋषभ बाहर की ओर दौड़ा। यह देखकर मदन राणा घर से बाहर आए और उन्होंने नितिन को डांटा। पिता-बेटे के बीच विवाद हो गया। बेटे ने चाकू से पिता मदन पर हमला कर दिया। चाकू छाती में लग गया। अस्पताल में मदन को मृत घोषित कर दिया गया। मदन राजमिस्त्री का काम करते थे। राजपुर एसओ पीडी भट्ट ने बताया कि आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है।जमीन के विवाद में मामा ने भांजे को मार डालाअधोईवाला में जमीन के विवाद में मामा ने भांजे की खुखरी से वारकर हत्या कर दी। आरोपी ने अपने भतीजे और भाभी पर भी जानलेवा हमला किया। पुलिस के अनुसार, 28 वर्षीय गौरव अपनी मां, छोटे भाई और बहन के साथ अधोईवाला में नानी के घर रहता था। गौरव फोटोग्राफी का काम करता था। नानी ने अपना मकान और जमीन गौरव के परिवार के नाम किया था। इसे लेकर गौरव का मामा नितिन कुमार के साथ विवाद चल रहा था।सोमवार को गौरव दीपावली की मिठाई देने के लिए अपने छोटे मामा के घर गया था। वहां वह छोटे मामा के बेटे भोली के साथ सड़क पर बातचीत कर रहा था। नितिन कुछ लोगों के साथ पहुंच गया। आरोप है कि नितिन ने गौरव और भोली के साथ मारपीट की। कमरे में ले जाकर दोनों पर खुखरी से हमला कर दिया। अस्पताल में गौरव की मौत हो गई। पुलिस ने नितिन और उसके बेटे रोहित को गिरफ्तार कर लिया है।डालनवाला में पार्टी में गए10वीं के छात्र की दोस्तों ने जान लीडालनवाला कोतवाली क्षेत्र में दीवाली पार्टी के बाद हुए विवाद में 15 वर्षीय छात्र की हत्या कर दी गई। मृतक दून ब्लासम स्कूल में 10वीं का छात्र था। रंजिश की बात सामने आई है। किशोर के परिजनों ने उसके दोस्तों पर मारपीट कर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने तीन दोस्तों पर हत्या का केस दर्ज किया है।घटना सूरी चौक के पास रविवार तड़के करीब तीन बजे की है। मृतक अर्श अंसारी के पिता नदीम अंसारी निवासी केवल विहार का आरोप है कि अर्श दीवाली पार्टी में शामिल होने के लिए रविवार को नेहरू कालोनी क्षेत्र में दोस्त के घर गया था। देर रात दोनों अपने दोस्तों के साथ कार से निकले थे। अर्श का शव सड़क पर मिला था। परिजनों का आरोप है कि वहां मौजूद युवकों ने अर्श के साथ बेरहमी से मारपीट की। जिससे उसकी जान चली गई। आरोप है कि एक वाहन से भी उसे टक्कर मारी गई। एसपी सिटी शेखर सुयाल का कहना है कि तीन दोस्तों पर हत्या का केस दर्ज किया गया है।