Monday, 26 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

रूस से गया जी पहुंचे 20 विदेशी श्रद्धालु, देवघाट पर कर रहे पिंडदान, पितरों की शांति के लिए निभा रहे सनातन परंपरा

INT News26 October 2026 at 12:26 pm

Pind Daan in Gaya Ji : पितरों की मोक्ष स्थली गया जी में एक बार फिर विदेश से आए श्रद्धालुओं की आस्था देखने को मिल रही है. रूस के 20 श्रद्धालुओं का दल गया जी पहुंचा है. यहां इस्कॉन मंदिर के संयोजन और अरविंद कटारियार के निर्देशन में सभी श्रद्धालु देवघाट पर पिंडदान का कर्मकांड कर रहे हैं.

20 श्रद्धालु कर रहे पिंडदान, 5 कर रहे सहयोग

इस्कॉन मंदिर के प्रबंधक जगदीश श्याम दास ने बताया कि रूस से आए कुल 25 श्रद्धालु गया जी पहुंचे हैं. इनमें 20 श्रद्धालु पिंडदान का कर्मकांड कर रहे हैं, जबकि पांच अन्य श्रद्धालु इस धार्मिक अनुष्ठान में सहयोग कर रहे हैं. देवघाट पर विधि-विधान से पिंडदान कर श्रद्धालु अपने पितरों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं.

सनातन संस्कृति के प्रति विदेशी श्रद्धालुओं की बढ़ रही आस्था

गौरतलब है कि इससे पहले भी रूस, फ्रांस, अमेरिका, ब्रिटेन सहित कई अन्य देशों के श्रद्धालु गया जी पहुंचकर पिंडदान का कर्मकांड संपन्न कर चुके हैं. विदेशी श्रद्धालुओं के बीच सनातन संस्कृति और हिंदू धर्म के प्रति आस्था लगातार देखने को मिल रही है.

इस्कॉन से जुड़ने के बाद समझी पिंडदान की महत्ता

श्रद्धालुओं का मानना है कि सनातन संस्कृति और हिंदू धर्म का विश्व में विशेष महत्व है. इस्कॉन मंदिर से जुड़ने के बाद उन्हें इस परंपरा की महत्ता समझ में आई. इसके बाद वे गया जी पहुंचकर अपने पितरों की आत्मा की शांति के लिए पिंडदान कर रहे हैं. श्रद्धालुओं के अनुसार, इस धार्मिक कर्मकांड में भाग लेने से उन्हें मानसिक शांति और आध्यात्मिक संतुष्टि का अनुभव हो रहा है.

गया की बेटी अवंतिका का बिहार अंडर-16 बास्केटबॉल टीम में चयन, पुणे नेशनल चैंपियनशिप में दिखायेंगी दम