Thursday, 12 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

करनाल में राशन डिपो पर सीएम फ्लाइंग का छापा:161 क्विंटल गेहूं कम मिला,डिपो पर ताला लगा मिलने के बाद टीम ने पंचों की मौजूदगी में काटा ताला

INT News12 November 2026 at 06:51 pm

करनाल में घरौंडा क्षेत्र के गांव चौरा खालसा में वीरवार को सीएम फ्लाइंग और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने राशन डिपो पर छापा मारा। जांच के दौरान डिपो के स्टॉक में 161 क्विंटल गेहूं कम मिला। ऑनलाइन रिकॉर्ड के अनुसार डिपो में 268 क्विंटल गेहूं होना चाहिए था, जबकि मौके पर जांच में केवल 107 क्विंटल गेहूं मिला। विभाग ने इसे पीडीएस कंट्रोल ऑर्डर 2022 का उल्लंघन मानते हुए घरौंडा पुलिस को शिकायत दी है। अब पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई करेगी। डिपो पर ताला लगा मिला, फोन पर शहर से बाहर होने की दी जानकारी

वीरवार को टीम गांव चौरा खालसा में डिपो होल्डर संजीव खुराना के राशन डिपो पर पहुंची तो वहां ताला लगा मिला। टीम ने डिपो होल्डर को फोन किया तो उसने बताया कि वह शहर से बाहर है। टीम ने उसे अपने नामित व्यक्ति को चाबी देकर मौके पर भेजने के लिए कहा, ताकि स्टॉक की जांच हो सके, लेकिन कोई भी चाबी लेकर नहीं पहुंचा।

इसके बाद गांव के पंच बलराम और महेंद्र, चौकीदार राजकुमार तथा नंबरदार रामचंद्र को मौके पर बुलाया गया। उन्हें पूरी स्थिति से अवगत करवाया गया। इसके बाद नियमानुसार दुकान का ताला कटवाकर टीम ने राशन के स्टॉक की भौतिक जांच शुरू की। पिछले सप्ताह ही डिपो पर पहुंचा था गेहूं

खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर राहुल ने बताया कि ऑनलाइन रिकॉर्ड के अनुसार डिपो में 268 क्विंटल गेहूं होना चाहिए था, लेकिन मौके पर केवल 107 क्विंटल गेहूं मिला। इस तरह कुल 161 क्विंटल गेहूं कम पाया गया है। यह गेहूं पिछले सप्ताह ही डिपो पर पहुंचा था। स्टॉक में कमी पीडीएस कंट्रोल ऑर्डर 2022 का उल्लंघन है। विभाग की ओर से घरौंडा पुलिस को शिकायत दे दी गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस करेगी कार्रवाई

घरौंडा पुलिस के एएसआई रमेश कुमार ने बताया कि खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से गेहूं का स्टॉक कम मिलने की शिकायत मिली है। शिकायत के तथ्यों के आधार पर जांच की जाएगी और नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।