समाचार · मध्य प्रदेश
मैहर चौकी में पुलिसकर्मी से मारपीट, दो गिरफ्तार:कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाकर पहुंचे थे आरोपी, दोनों को जेल भेजा
मैहर। शारदा धाम पुलिस चौकी में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी से गाली-गलौज और मारपीट के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों को शुक्रवार शाम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें उपजेल मैहर भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, घटना 5 नवंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे की है। उस समय प्रधान आरक्षक लेखक चौकी में ड्यूटी पर तैनात थे। मानपुर निवासी दीपक चौधरी और धर्मेंद्र चौधरी कुछ साथियों और महिलाओं के साथ चौकी पहुंचे थे। उन्होंने मैहर थाने में की गई शिकायत की पावती दिखाते हुए पुलिस पर रुपए लेने और शिकायत पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। इसी बात पर दोनों का ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मी से विवाद हो गया। शासकीय काम में बाधा डालने का भी आरोप आरोप है कि दोनों ने पुलिसकर्मी से गाली-गलौज और मारपीट की। साथ ही शासकीय काम में बाधा डाली। मामले में कोतवाली मैहर में अपराध क्रमांक 1123/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार के नेतृत्व में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विनय शुक्ला और उनकी टीम ने शुक्रवार शाम दोनों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान धर्मेंद्र चौधरी (28) पिता महिपाल साकेत और दीपक चौधरी (38) पिता गिरधारीलाल चौधरी के रूप में हुई है। दोनों मानपुर, मैहर के निवासी हैं।