Thursday, 12 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

राजगढ़ की मतदाता सूची से 64 हजार नाम हटे:38,823 नए जुड़े; महिलाओं की संख्या पुरुषों से ज्यादा, जिले में कुल 11.46 लाख मतदाता

INT News12 November 2026 at 06:50 pm

राजगढ़ में मतदाता सूची से करीब 64 हजार नाम हटाए गए, फिर भी एक साल में 38,823 नए मतदाता जुड़े। इनमें 20,902 महिलाएं और 17,919 पुरुष हैं। नए मतदाता बनने में महिलाओं की संख्या पुरुषों से ज्यादा रही। जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर कुल मतदाता 11 लाख 46 हजार 244 हो गए हैं। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर)-2027 के तहत गुरुवार को प्रारूप मतदाता सूची जारी हुई। इसके बाद जिले में मतदाताओं की संख्या की यह जानकारी सामने आई। ब्यावरा विधानसभा में सबसे ज्यादा 2 लाख 38 हजार 354 मतदाता हैं। नरसिंहगढ़ में 2 लाख 37 हजार 750 मतदाता दर्ज हैं। दोनों के बीच 604 मतदाताओं का अंतर है।

सारंगपुर विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम मतदाता

खिलचीपुर में 2 लाख 33 हजार 613, राजगढ़ में 2 लाख 30 हजार 287 और सारंगपुर में 2 लाख 6 हजार 240 मतदाता हैं। सारंगपुर में जिले की पांचों सीटों में सबसे कम मतदाता हैं। जिले में 20 से 29 वर्ष के 2 लाख 72 हजार 218 और 30 से 39 वर्ष के 2 लाख 73 हजार 785 मतदाता हैं। 20 से 39 वर्ष के आयु वर्ग में कुल 5 लाख 46 हजार 3 मतदाता हैं। पहली बार मतदान की उम्र में पहुंचे 18 से 19 वर्ष के 14,715 युवा मतदाता सूची में शामिल हैं। जिले में 14,335 दिव्यांग मतदाता भी पंजीकृत हैं। मतदान केंद्रों की संख्या 1,496 से बढ़कर 1,499 हो गई है। नरसिंहगढ़ में एक और खिलचीपुर में दो नए मतदान केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। कल से दर्ज कराई जा सकेंगी दावे-आपत्तियां

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने गुरुवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक लेकर पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी। प्रारूप मतदाता सूची पर 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे-आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इसके लिए 21 और 22 नवंबर तथा 5 और 6 दिसंबर को विशेष शिविर लगाए जाएंगे। दावे-आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर तक होगा। अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित की जाएगी।