समाचार · झारखंड
जमशेदपुर के प्रसन्नजीत का कमाल, वर्ल्ड मास्टर टेनिस चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में चयन

जमशेदपुर : जमशेदपुर के अनुभवी टेनिस खिलाड़ी और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कोच प्रसन्नजीत पॉल ने राष्ट्रीय पटल पर शहर का नाम रोशन किया है. प्रसन्नजीत का चयन 15 से 28 नवंबर तक जापान की राजधानी टोक्यो में आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित 'वर्ल्ड मास्टर टेनिस चैंपियनशिप' (35 प्लस आयु वर्ग) के लिए भारतीय टीम में हुआ है. वे वहां भारतीय दल की ओर से कोर्ट पर चुनौती पेश करेंगे.
विरासत में मिला है खेलों का माहौल
प्रसन्नजीत के परिवार में खेल की गहरी जड़ें रही हैं. उनके पिता पीके पॉल ने टाटा फुटबॉल एकेडमी (TFA) में और माता कुंतला पॉल ने टाटा आर्चरी एकेडमी (TAA) में करीब 25 वर्षों तक अपनी उल्लेखनीय सेवाएं दी हैं. इसके अलावा, जमशेदपुर क्रिकेट लीग में प्रतिस्पर्धा करने वाले जाने-माने 'स्टूडेंट क्लब' की स्थापना में भी उनके पिता पीके पॉल की अहम भूमिका रही है.
कदमा से शुरू होकर पुणे तक पहुंचा सफर
कदमा निवासी प्रसन्नजीत ने महज नौ साल की उम्र में शहर के प्रख्यात कोच बिपुल कुमार की देखरेख में रैकेट थामा था. उनकी असाधारण प्रतिभा को देखते हुए कोच ने उन्हें उच्च स्तरीय प्रशिक्षण के लिए बाहर भेजने का सुझाव दिया. इसके बाद 12 वर्ष की आयु में वे पुणे चले गए, जहां अगले सात वर्षों तक उन्होंने कोच हेमंत बेंद्रे से खेल की बारीकियां सीखीं.
ये भी पढ़ें : पूजा पंडाल के पास गोली मारकर युवक की हत्या, दोस्त पर ही वारदात को अंजाम देने का आरोप
हादसे से उबरे, फिर हासिल की कोचिंग में महारत
एक गंभीर सड़क दुर्घटना के चलते उनके खेल करियर में कुछ समय के लिए रुकावट आई, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. कॉलेज के दिनों में कोच अमोद वालकर ने उन्हें स्कॉलरशिप देकर मेंस सर्किट में वापसी की राह दिखाई. बाद में प्रसन्नजीत ने इंटरनेशनल टेनिस फेडरेशन (ITF) और यूनाइटेड स्टेट्स प्रोफेशनल टेनिस रजिस्ट्री (USPTR) से प्रमाणित कोचिंग प्रमाणपत्र हासिल किए. खेल को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने करीब पांच साल पहले पुणे में 'पॉल्स प्रो टेनिस अकादमी' की नींव रखी.
अर्णव और सिद्धांत जैसे शीर्ष खिलाड़ियों को तराशा
बतौर कोच प्रसन्नजीत ने देश को कई राष्ट्रीय चैंपियन और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दिए हैं. उन्होंने सिद्धांत बंथिया, अथर्व शर्मा और जूनियर विंबलडन के क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय करने वाले अर्णव पापरकर जैसे देश के शीर्ष खिलाड़ियों को प्रशिक्षित किया है और अंतरराष्ट्रीय दौरों पर उनके मेंटर रहे हैं.
शानदार फॉर्म की बदौलत नेशनल टीम में बनाई जगह
कोचिंग की व्यस्त दिनचर्या के बीच भी प्रसन्नजीत ने खुद को एक खिलाड़ी के रूप में पूरी तरह फिट और सक्रिय रखा. हालिया घरेलू सर्किट में शानदार खेल दिखाते हुए उन्होंने चार डबल्स और दो सिंगल्स खिताब अपने नाम किए. इसी निरंतर और धमाकेदार प्रदर्शन के दम पर चयनकर्ताओं ने उन्हें जापान जाने वाली भारतीय टीम में शामिल किया है.
ये भी पढ़ें : झारखंड का सबसे बड़ा 114 बेडों वाला कैंसर रेस्ट हाउस शुरू, आम लोगों को मिलेगी अत्याधुनिक सुविधा