समाचार · पंजाब
पटाखे छुड़ा रहे पहलवान की छाती में गोली मारकर हत्या:6 महीने पहले शादी हुई, 4 बहनों का इकलौता भाई था; कपूरथला पुलिस को 2 खोल मिले
कपूरथला के थाना सिटी क्षेत्र में सोमवार रात पटाखे छुड़ा रहे एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसके दोस्त उसे फौरन स्कूटी पर अस्पताल लेकर पहुंचे थे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मनी (27) के रूप में हुई है। वह मोहल्ला मेहताबगढ़ के रहने वाले बग्गा सिंह का बेटा था। मनी पहलवानी करता था। उसकी करीब 6 माह पहले ही शादी हुई थी। वह 4 बहनों के बीच इकलौता भाई था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि गोली चलाने वालों की पहचान हो गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापे मारे जा रहे हैं। पुलिस की कई अलग-अलग टीमें दबिश दे रही हैं। पटाखे चलाते समय सीने में गोली मारी जानकारी के अनुसार, मनी सिंह पहलवान सोमवार रात 8 बजे के करीब मोहल्ला मेहताबगढ़ में अपने घर के पास पटाखे चला रहा था। इसी दौरान मोहल्ले के ही रहने वाले 2 युवक कोमल और पाला सिंह का बेटा मनी वहां पहुंचे। उन्होंने पिस्टल निकाली और 2 फायर किए। इनमें से एक गोली पटाखे चला रहे मनी के सीने में लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मनी के दोस्तों के मुताबिक, उसकी सांस नहीं चल रही थी। फिर भी वे मनी को स्कूटी पर ही लेकर अस्पताल दौड़े। वहां डॉक्टर ने मनी को मृतक घोषित कर दिया। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। DSP बोले- टीमें छापे मार रहीं वारदात की सूचना मिलने के बाद मौके पर सिटी थाना पुलिस पहुंची। पुलिस ने मौके से गोलियों के 2 खोल बरामद किए। DSP शीतल सिंह ने बताया कि मृतक के परिजन के बयान पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विभिन्न टीमें छापेमारी कर रही हैं। DSP के अनुसार, मनी लोकल लेवल का पहलवान था। उसका आरोपियों के साथ कोई विवाद नहीं था। DSP ने कहा कि आरोपियों ने किसी और पर गोलियां चलाई थीं, एक्सीडेंटली गोली मनी को लग गई, जिसमें इसकी मौत हो गई। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पूरा खुलासा हो सकेगा। रिश्तेदार बोलीं- आरोपियों ने सुहाग छींन लिया मृतक मनी की रिश्तेदार हरजिंदर कौर ने बताया कि मनी की शादी करीब 6 महीने पहले ही हुई थी। उन्होंने कहा कि अभी उसकी पत्नी के हाथों से लाल चूड़ा भी नहीं उतरा था कि उन लोगों ने उसका सुहाग छीन लिया। हरजिंदर कौर ने बताया कि मनी 4 बहनों के बीच इकलौता भाई था।