Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

गुना में सूने घर में चोरी करने वाला बदमाश पकड़ाया:सोने की अंगूठी और नकदी बरामद; बच्चों के साथ मंडी गई थी महिला

INT News10 November 2026 at 09:56 am

गुना के कैंट थाना क्षेत्र में सूने मकानों को निशाना बनाने वाले चोरों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने पिपरौदाखुर्द में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की सोने की एक अंगूठी और नकदी बरामद कर जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया है। जानकारी के अनुसार, 4 नवंबर को पिपरौदाखुर्द निवासी रेखा पत्नी समंदर केवट ने कैंट थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादिया ने बताया कि 4 नवंबर को वह अपने पति और बच्चों के साथ काम के सिलसिले में सुबह मंडी गई थीं। इसी दौरान दोपहर में पड़ोसी का फोन आया। पड़ोसी ने बताया कि उनके घर में कोई अज्ञात व्यक्ति घुसा है। सूचना मिलने पर रेखा घर पहुंचीं तो मकान का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर अलमारी में रखा सामान गायब था। अज्ञात चोर चांदी के पायजेब, कमर झल्लर, चूड़ियां, अंगूठियां, सोने की एक अंगूठी और 20 हजार रुपए नकद चोरी कर ले गया था। फरियादिया की शिकायत पर कैंट थाने में अपराध क्रमांक 1044/26 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया आरोपी चोरी की वारदात का खुलासा करने के लिए पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। साथ ही तकनीकी संसाधनों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की गई। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने धीरेन्द्र पुत्र आकाश पारदी निवासी ग्राम बीलाखेड़ी, हाल पटेल नगर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पिपरौदाखुर्द में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की सोने की एक अंगूठी और नकदी बरामद कर जब्त की गई। बाद में पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है।