समाचार · उत्तर प्रदेश
Varanasi Govardhan Puja: काशी में गोवर्धन पूजा पर निकलेगी भव्य शोभायात्रा, MP के CM मोहन यादव होंगे शामिल, इन रास्तों से गुजरेगी यात्रा

Varanasi Govardhan Puja: (पवन तोमर) वाराणसी, काशी में मंगलवार को गोवर्धन पूजा के अवसर पर भव्य धार्मिक आयोजन किया जाएगा. गोवर्धन पूजा समिति की ओर से वर्ष 1972 में शुरू की गई यह परंपरा इस बार 54वें वर्ष में प्रवेश कर रही है. आयोजन को खास बनाने के लिए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. उनके साथ उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री गिरीश यादव भी मौजूद रहेंगे. कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण हथुआ मार्केट से नमो घाट स्थित गोवर्धन धाम तक निकलने वाली विशाल शोभायात्रा होगी.
दोपहर में शुरू होगी शोभायात्रा
मंगलवार दोपहर 12 बजे के बाद हथुआ मार्केट से शोभायात्रा का शुभारंभ होगा. इसमें यादव समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर धार्मिक उत्सव की छटा बिखेरेंगे. शोभायात्रा में अलग-अलग राज्यों से आने वाली आकर्षक झांकियां भी शामिल होंगी. प्रयागराज और छत्तीसगढ़ के अलावा मथुरा और वृंदावन के कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के जरिए भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और धार्मिक परंपराओं को प्रदर्शित करेंगे. शोभायात्रा का उद्घाटन परमवीर चक्र विजेता कैप्टन योगेंद्र यादव करेंगे.
इन प्रमुख मार्गों से गुजरेगी शोभायात्रा
समिति के उपाध्यक्ष दिनेश यादव के मुताबिक, शोभायात्रा हथुआ मार्केट से निकलकर लहुराबीर, कबीरचौरा, मैदागिन, मछोदरी, प्रहलादघाट और भैंसासुर होते हुए नमो घाट पहुंचेगी. यहां शाम करीब पांच बजे शोभायात्रा का समापन सभा के रूप में होगा. यात्रा में श्रीकृष्ण-बलराम, शिव-पार्वती और भगवान श्रीराम से जुड़ी धार्मिक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी. इसके अलावा ग्वाल-बालों की टोली, बनारस की पारंपरिक लठ्ठबाजी, पटेबाजी और केदारनाथ मंदिर की झांकी भी लोगों का ध्यान खींचेगी.
10 विशिष्ट लोगों को मिलेगा गोवर्धन श्री सम्मान
समिति के अध्यक्ष विनोद यादव ने बताया कि नमो घाट स्थित गोवर्धन धाम में शाम पांच बजे से विशाल आध्यात्मिक सभा आयोजित की जाएगी. इसमें मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर लोगों को संबोधित करेंगे. उनके साथ राज्य मंत्री गिरीश यादव भी मंच साझा करेंगे. कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, खेल, चिकित्सा, व्यापार और समाजसेवा समेत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाज के 10 लोगों को गोवर्धन श्री सम्मान से सम्मानित किया जाएगा.
Must Read: Noida Metro Expansion: बॉटनिकल गार्डन से सेक्टर-142 और डिपो स्टेशन से बोड़ाकी तक दौड़ेगी मेट्रो, L&T बनाएगी 10 नए स्टेशन, जानें पूरा प्लान