समाचार · मध्य प्रदेश
नागदा-गुजरी मार्ग का ओवरब्रिज एक साल से अधूरा:मुख्य रास्ता बंद, वैकल्पिक रास्ता भी जर्जर; 15-16 गांवों के लोग परेशान
धार के नागदा-गुजरी मार्ग पर रेलवे विभाग द्वारा बनाया जा रहा ओवरब्रिज करीब एक साल बाद भी पूरा नहीं हो पाया है। ओवरब्रिज निर्माण के लिए पुराना ब्रिज तोड़ने के बाद विभाग ने मुख्य मार्ग पर आवागमन बंद कर दिया था। इसके बाद वाहनों की आवाजाही के लिए सुनारखेड़ी अंडरपास की ओर से वैकल्पिक रास्ता तैयार कर उसे डिवाइड किया गया था। लेकिन अब यह वैकल्पिक मार्ग भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। स्थिति यह है कि मार्ग को डिवाइड करने के महज एक महीने बाद ही सड़क उखड़ने लगी थी और धीरे-धीरे पूरी सड़क जर्जर हो गई। इसके बावजूद करीब एक साल बीतने के बाद भी इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। 15 से 16 गांवों के लोगों के लिए यही प्रमुख रास्ता मुख्य मार्ग बंद होने के बाद सुनारखेड़ी अंडरपास वाला रास्ता ही ग्रामीणों के आवागमन का प्रमुख माध्यम बना हुआ है। इस मार्ग से करीब 15 से 16 गांवों के लोग रोजाना दोपहिया और चारपहिया वाहनों से गुजरते हैं। ओवरब्रिज का निर्माण शुरू होने के बाद से ही ग्रामीणों को इसी वैकल्पिक रास्ते का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। लगातार वाहनों की आवाजाही के कारण सड़क की हालत और खराब होती चली गई। धूल और कंकर से वाहन चलाना मुश्किल वैकल्पिक मार्ग पर जगह-जगह धूल-मिट्टी और कंकर फैले हुए हैं। सड़क पर गड्ढे होने से दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। वाहनों के गुजरने पर धूल के गुबार उड़ते हैं, जिससे आसपास से निकलने वाले लोगों को भी दिक्कत होती है। कंकर और गड्ढों के कारण वाहन चलाना मुश्किल हो रहा है। खास बात यह है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही नहीं होती, इसके बावजूद सड़क की हालत लगातार बिगड़ती गई। शिकायतों के बाद भी नहीं हुई मरम्मत ग्रामीणों का कहना है कि वैकल्पिक मार्ग की बदहाली को लेकर कई बार संबंधित विभाग को शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। ओवरब्रिज का निर्माण पूरा नहीं होने से मुख्य मार्ग पर आवागमन शुरू नहीं हो सका है। वहीं, वैकल्पिक रास्ते की हालत भी खराब होने से लोगों की परेशानी दोहरी हो गई है। ग्रामीणों की मांग है कि ओवरब्रिज का निर्माण जल्द पूरा कराया जाए और तब तक वैकल्पिक मार्ग की मरम्मत कराकर उसे आवागमन के योग्य बनाया जाए।