समाचार · मध्य प्रदेश
अमरकंटक जा रहे ग्रामीणों का तूफान वाहन पलटा:महिला का पैर टूटा, 9 लोग घायल; पुलिया पर खड़ी बाइक से टकराने के बाद हादसा
जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे पर मंगलवार सुबह डिंडौरी में जेल बिल्डिंग के पास ग्रामीणों से भरा तूफान वाहन पलट गया। हादसे में मुन्नी बाई का पैर टूट गया, जबकि आठ अन्य लोग घायल हुए हैं। सभी नौ घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद कुछ देर हाईवे पर जाम लगा रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल कराया। मुंडन संस्कार कराने अमरकंटक जा रहे थे ग्रामीण घायल सीमा बाई ने बताया कि मंडला जिले के मोहगांव थाना क्षेत्र के खाल्हे गिठौरी गांव से करीब 20 ग्रामीण दो तूफान वाहनों में सवार होकर अमरकंटक जा रहे थे। वहां नर्मदा नदी के उद्गम स्थल पर एक बच्चे का मुंडन संस्कार कराना था। सभी मंगलवार सुबह करीब 5 बजे गांव से निकले थे। डिंडौरी से कुछ दूरी पर एमपी20टीए0553 नंबर का तूफान वाहन जेल बिल्डिंग के पास पुलिया पर पहुंचा। यहां खड़ी बाइक को टक्कर मारने के बाद वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। महिला के पैर में फ्रैक्चर, आठ अन्य को चोटें हादसे में मुन्नी बाई का पैर टूट गया। रुक्मणि नंदा, सीमा बाई, फूलकली, बुद्ध विश्वकर्मा, इंद्र कुमार, फागूलाल विश्वकर्मा और तिलक दास बैरागी समेत एक अन्य को सिर और पैर में चोटें आई हैं। एएसआई शेख सिराज ने बताया कि एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया है। उनका इलाज जारी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।