समाचार · मध्य प्रदेश
रतलाम के जावरा में टायर दुकान में लगी आग:खड़ी कार भी जलकर राख, 15 दमकल गाड़ियों ने बुझाई आग; पूरे इलाके में फैला धुएं का गुबार
रतलाम जिले के जावरा में फोरलेन स्थित जैन ढाबे के पास मंगलवार सुबह टायर की दुकान में आग लग गई। आग दुकान के पीछे बने बाड़े से शुरू हुई और देखते ही देखते पूरे परिसर में फैल गई। दुकान में रखे टायरों के साथ पास खड़ी एक कार भी जलकर राख हो गई। आग की चपेट में आने से पास की ऑटो पार्ट्स दुकान का आधा हिस्सा भी प्रभावित हुआ। दुकान के पीछे लगी थी आग जानकारी के मुताबिक, आग सुबह करीब 6 बजे लगी थी। शुरुआती समय में किसी का ध्यान नहीं गया। आग बढ़ने पर लोगों को इसकी जानकारी मिली। जावरा के फोरलेन पर जोयो तिराहे के सामने ढाबे के पास कई दुकानें हैं। इनमें से एक टायर दुकान के पीछे बने बाड़े में आग लगी थी, जो धीरे-धीरे पूरे दुकान परिसर और बाहर तक फैल गई। दुकान के पास एक फ्रूट विक्रेता की कार खड़ी थी। वह भी आग की चपेट में आकर जल गई। आसपास के क्षेत्र में धुएं का गुबार फैल गया। जावरा की दो दमकल गाड़ियां नहीं चल पाईं आग बुझाने के लिए सबसे पहले जावरा नगर पालिका की दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन तकनीकी समस्या के कारण वे चल नहीं पाईं। इसके बाद तीसरी दमकल गाड़ी पहुंची, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। इसके बाद रतलाम सहित आसपास के अन्य क्षेत्रों से दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। करीब 15 दमकल गाड़ियों की मदद से सुबह 8:30 बजे तक आग पर काबू पाया जा सका। रतलाम से पहुंची दमकल गाड़ियों ने पानी के साथ केमिकल का भी इस्तेमाल किया। फिलहाल आग लगने का कारण सामने नहीं आया है।।