समाचार · पंजाब
गुरु हरगोबिंद साहिब जी के इतिहास से जुड़ा है स्थान
हरप्रीत सिंह मक्कड़| लुधियाना बंदी छोड़ दिवस के पावन अवसर पर गांव घुडानी कलां स्थित गुरुद्वारा हवेली साहिब में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस पवित्र दिवस पर देश-विदेश और पूरे पंजाब से लाखों की संख्या में संगत गुरु घर में नतमस्तक होने पहुंची। गुरुद्वारा साहिब को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया गया। श्रद्धालुओं ने माथा टेककर सरबत के भले की अरदास की और गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया। रात को विशेष दीपमाला की गई। संगत ने दीप जलाकर गुरु साहिब की शिक्षाओं को याद किया। पूरे परिसर में धार्मिक श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब का जीवन हमें अन्याय के खिलाफ खड़े होने और दूसरों को भी आजादी दिलाने की प्रेरणा देता है। गुरुद्वारा साहिब में पहुंची संगत के लिए गुरु का लंगर लगाया गया। श्रद्धालुओं ने सेवा में हिस्सा लिया। बंदी छोड़ दिवस का यह आयोजन मानवता, समानता, सेवा और सरबत के भले का संदेश देता नजर आया। गुरुद्वारा हवेली साहिब के हेड ग्रंथी भाई मनजीत सिंह ने बताया कि छठे पातशाह श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी का गांव घुडानी कलां में आगमन हुआ था। यहां बाबा सूरतिया जी ने गुरु साहिब की सेवा की थी। उनकी सेवा से प्रसन्न होकर गुरु साहिब करीब 45 दिन तक उनके घर पर रहे। गांव से विदा होते समय गुरु साहिब ने बाबा सूरतिया जी को 52 कलियों वाला चोला, पंज गंगी, पावन चरणों का एक जोड़ा और एक मंजी बख्शिश की थी। 52 राजाओं को मुगल कैद से दिलाई थी आजादी: बंदी छोड़ दिवस छठे पातशाह श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी की उस महान घटना की याद में मनाया जाता है, जब उन्होंने मुगल बादशाह जहांगीर की कैद से खुद रिहा होने के साथ 52 राजाओं को भी आजादी दिलाई थी। गुरु साहिब को ग्वालियर के किले में कैद किया गया था। जब उनकी रिहाई का आदेश आया तो उन्होंने अकेले बाहर आने से इनकार कर दिया और सभी कैद राजाओं की रिहाई की शर्त रखी। इसके बाद 52 कलियों वाले चोले के माध्यम से सभी राजाओं को अपने साथ बाहर निकालकर आजाद करवाया। इसी कारण गुरु हरगोबिंद साहिब जी को बंदी छोड़ दाता के नाम से जाना जाता है।