sports
5 महीने बाद क्रिकेट के मैदान पर लौटेंगे सूर्या, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में संभालेंगे मुंबई की कमान

Suryakumar Yadav: भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव एक बार फिर मैदान पर वापसी करने के लिए तैयार हैं. करीब पांच महीने बाद वह प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेलते नजर आएंगे. उन्हें आगामी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए मुंबई टीम का कप्तान बनाया गया है. टूर्नामेंट की शुरुआत 14 नवंबर से होगी. सूर्यकुमार के साथ भारतीय ऑलराउंडर शिवम दुबे और तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर को भी टीम में जगह मिली है.
मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने किया कप्तान का ऐलान
मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) ने सोमवार को टीम की घोषणा करते हुए सूर्यकुमार यादव को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी. एसोसिएशन ने अपने बयान में कहा कि भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार अपने अंतरराष्ट्रीय अनुभव, नेतृत्व क्षमता और आक्रामक बल्लेबाजी से टीम को मजबूती देंगे.
गौरतलब है कि सूर्यकुमार को रणजी ट्रॉफी के शुरुआती चार राउंड के लिए मुंबई की टीम में शामिल नहीं किया गया था. हालांकि, मुंबई के सफेद गेंद वाले आगामी टूर्नामेंटों में उन्हें नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपने पर विचार किया जा रहा था.
ये भी पढ़ें: ICC T20I Rankings: अभिषेक शर्मा दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज, टॉप-10 में भारत के 3 खिलाड़ी, देखें लिस्ट
शिवम दुबे और शार्दुल ठाकुर भी टीम का हिस्सा
मुंबई की 16 सदस्यीय टीम में कई अनुभवी खिलाड़ियों को जगह मिली है. भारतीय ऑलराउंडर शिवम दुबे भी टीम का हिस्सा होंगे. वहीं, तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी करेंगे. हाथ में चोट के कारण वह रणजी ट्रॉफी के पहले चरण में नहीं खेल पाए थे.
इसके अलावा मुशीर खान और सरफराज खान की भाई जोड़ी को भी टीम में शामिल किया गया है. मुंबई को एलीट ग्रुप डी में रखा गया है, जहां उसका सामना छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, हैदराबाद, ओडिशा, उत्तराखंड और विदर्भ से होगा.
मुंबई की कप्तानी मिलने पर क्या बोले सूर्या?
सूर्यकुमार यादव ने मुंबई की कप्तानी मिलने पर खुशी जाहिर की है. उन्होंने कहा कि मुंबई का प्रतिनिधित्व करना हमेशा गर्व की बात है और इस प्रतिभाशाली टीम की अगुआई करने का मौका मिलना उनके लिए सम्मान की बात है.
सूर्यकुमार ने कहा कि टीम का लक्ष्य मुंबई की समृद्ध क्रिकेट विरासत और जीतने की परंपरा को आगे बढ़ाना होगा. उन्होंने टीम संयोजन पर भरोसा जताते हुए कहा कि टीम में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ कई युवा प्रतिभाएं भी हैं. उन्हें उम्मीद है कि सभी खिलाड़ी एकजुट होकर पूरे जोश के साथ खेलेंगे और हर मुकाबले में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे.
14 नवंबर को है मुंबई का पहला मुकाबला
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई अपने अभियान की शुरुआत 14 नवंबर को हैदराबाद के खिलाफ करेगी. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला कोलकाता में खेला जाएगा.
मुंबई की टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी, दिव्यांश सक्सेना, सुवेद पारकर, मुशीर खान, सरफराज खान, साईराज पाटिल, शिवम दुबे, अथर्व अंकोलेकर, शम्स मुलानी, मैक्सवेल स्वामीनाथन, तुषार देशपांडे, शार्दुल ठाकुर, मोहित अवस्थी, सिल्वेस्टर डिसूजा और हार्दिक तामोरे (विकेटकीपर).
ये भी पढ़ें: BCCI अध्यक्ष मिथुन मन्हास पर FIR की नौबत क्यों आई? जन्मतिथि विवाद में कोर्ट ने सुनाया बड़ा फैसला