समाचार · पंजाब
दिवाली की रात पठानकोट में फायर ब्रिगेड रही फेल:देरी से पहुंची गाड़ियां, शहर की 4 दुकानें और नाजोचक्क में लाखों का नुक्सान, विभाग की कारगुजारी से रोष
दिवाली की रात पठानकोट में आग ने खूब कहर बरपाया। शहर के आसपास 4 बड़े अग्निकांड हुए। लेकिन, दमकल विभाग की गाड़ियां हर फायर कॉल पर देरी से पहुंची। शहर के ऐतिहासिक मेन बाजार स्थित गाड़ी अहाता चौक में हुए अग्निकांड ने तीन दुकानें को पूरी तरह जलाकर राख कर दिया। इनमें एक निर्माणाधीन ज्यूलर्स शॉप थी, इसके अलावा एक क्रॉकरी और एक मैटरस की दुकान थी। जिनमें पड़ा पूरा सामान जलकर खाक हो गया। जबकि, चौथी ज्यूलर शॉप में आग से नुक्सान पहुंचा है। वहीं, ढाकी में कबाड़ की दुकान और नाजोचक्क में पराली की आग से लाखों का नुक्सान हो गया। बता दें, त्योहारी सीजन के चलते दुकानदारों ने अपनी दुकानों में लाखों रुपये का नया माल और स्टॉक भरकर रखा हुआ था, जो इस भयानक आग की भेंट चढ़ गया। पीड़ित दुकानदारों की सालों की कड़ी मेहनत और पूंजी कुछ ही पलों में धुएं के गुबार और राख के ढेर में तब्दील हो गई, जिससे पीड़ित परिवारों का त्योहारी उत्साह पल भर में गहरे मातम में बदल गया। वहीं, फायर अफसर राकेश ने कहा कि उनकी प्राथमिकता शहरी इलाके को थी। वहीं, सभी 4 फायर टेंडर पटाखे बिक्री वाले स्थान पर तैनात किए गए थे। वहीं, शहर की सड़कों पर भीड़ के चलते उन्हें पहुंचने में देरी हुई। फिर भी कर्मचारियों ने पूरी रात जाग कर हर फायर कॉल पर पहुंच आग पर काबू पाया है। हर जगह देरी से पहुंचे फायर टेंडर शहर के डल्हौजी रोड हो या ढाकी रोड दोनों जगह दुकानों में रखा सारा सामान राख हो गया। नाजोचक्क में 4 लाख की पराली जलकर स्वाहा हो गई। इन सभी जगह लोग दमकल विभाग से नाराज दिखे। किसी ने डेढ़ घंटा तो किसी ने 2 घंटे देरी से पहुंची दमकल विभाग के कर्मचारियों के समक्ष नाराजगी जताई। वहीं, डल्हौजी रोड पर आग बुझाने पहुंचे फायर टेंडर की पाइप में कई जगह से लीकेज थी। जिससे आग पर काबू पाए जाने से पहले ही दुकानों में पड़ा सारा सामान जल गया। इसके अलावा, नाजोचक्क में लोगों ने खुद 4 घंटे तक बाल्टियों-पाइपों से आग पर काबू पाने का विफल प्रयास किया। जिसको लेकर लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की है। सृजल गुप्ता ने प्रशासन की नाकामी को किया उजागर घटना के बाद सोमवार सुबह शिक्षाविद एवं समाज सेवक सृजल गुप्ता प्रभावित व्यापारियों के पास पहुंचे। सृजल गुप्ता ने कहा कि चौहान ज्यूलर्स के मालिक राजेश चौहान दुकान का निर्माण कर रहे थे। जिसमें अंदर पड़ी निर्माण सामर्गी और अन्य सामान राख हो गया। इसके अलावा, बजाज क्रॉकरी, तिरुपति इंटरप्राइजेस और ओम ज्यूलर्स में आग से भारी नुक्सान हुआ है।
सृजल ने कहा कि इस भयानक अग्निकांड के बाद स्थानीय दुकानदारों और शहरवासियों में प्रशासन व दमकल विभाग की लापरवाही को लेकर भारी गुस्सा देखने को मिल रहा है। उनका कहना है कि घटनास्थल यानि गाड़ी अहाता चौक से मुख्य फायर स्टेशन की दूरी महज 5 मिनट की है और आधी रात को सड़कें भी पूरी तरह खाली व यातायात मुक्त थीं। इसके बावजूद दमकल की गाड़ियां मौके पर डेढ़ घंटे देरी से पहुंचीं, जिसके कारण आग ने भयानक रूप अख्तियार कर लिया और तीन दुकानों को पूरी तरह लील लिया। व्यापारियों के प्रशासन को तीखे सवाल प्रशासन की इस विफलता पर कड़ा ऐतराज जताते हुए सृजल गुप्ता ने सवाल खड़े करते कहा कि दमकल विभाग के पास आग बुझाने के पर्याप्त आधुनिक साधनों, पानी के टैंकरों या कुशल स्टाफ की भारी कमी है। शहर के संकरे और पुराने बाजारों के लिए दमकल विभाग व जिला प्रशासन के पास कोई आपातकालीन 'फायर सेफ्टी प्लान' ही तैयार नहीं था और भीड़भाड़ वाले मुख्य बाजारों में आज भी अग्नि सुरक्षा का कोई ठोस इंतजाम नहीं है। शहर में हर साल व्यापारी किस्मत के भरोसे बचते आ रहे हैं, लेकिन इस बार किस्मत ने साथ नहीं दिया इसका जवाब प्रशासन को देना ही होगा। व्यापारी शहर की रीढ़: DC पठानकोट से मुलाकात कर उठाएंगे 3 मुख्य मांगें
सृजल गुप्ता ने कहा कि इस घटना से पठानकोट का पूरा व्यापारी वर्ग सहमा हुआ है और खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने घोषणा की कि वे जल्द ही पीड़ित दुकानदारों और शहर के प्रमुख व्यापारियों के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ डिप्टी कमिश्नर पठानकोट से मुलाकात करेंगे। डिप्टी कमिश्नर के समक्ष निम्नलिखित मांगें प्रमुखता से रखी जाएंगी: निष्पक्ष व समयबद्ध जांच: आधी रात को फायर ब्रिगेड की गाड़ियां देरी से क्यों पहुंचीं, इसकी एक तय सीमा के अंदर उच्चस्तरीय व निष्पक्ष जांच करवाई जाए और दोषी कर्मचारियों पर गाज गिरे। तुरंत आर्थिक राहत व मुआवजा: त्योहार के मौके पर हुए लाखों के नुकसान को ध्यान में रखते हुए पीड़ित दुकानदारों (चौहान, अनिल वर्मा आदि) को तुरंत सरकारी राहत कोष से उचित और पर्याप्त मुआवजा प्रदान किया जाए। ठोस फायर सेफ्टी मैकेनिज्म: शहर के पुराने व तंग बाजारों के लिए विशेष मिनी फायर टेंडर और आपातकालीन योजना बनाई जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो। फायर टेंडरों की देरी की ये रही 5 मुख्य वजहें पटाखा स्टॉलों पर फायर टेंडरों की स्थायी तैनाती: प्रशासन द्वारा शहर में पटाखे बेचने के लिए 4 स्थान चयनित किए गए थे। सुरक्षा के लिहाज से हर चयनित स्थान पर 1-1 फायर टेंडर पक्का अटैच किया गया था, जिसके कारण मुख्य दमकल गाड़ियां उन्हीं पटाखा बाजारों में ही व्यस्त रहीं। भीड़ के कारण गाड़ियों को बाहर निकालने में समय की बर्बादी: फायर कॉल मिलने के तुरंत बाद फायर स्टेशन और पटाखा बाजारों में खरीदारी करने पहुंचे लोगों की भारी भीड़ के कारण दमकल गाड़ियों को मुख्य सड़क तक लाने में ही काफी समय बर्बाद हो गया। त्योहारी सीजन में सड़कों पर अत्यधिक ट्रैफिक व भीड़: दिवाली के त्यौहार के कारण शहर की मुख्य सड़कों और बाजारों में गाड़ियों व पैदल आवाजाही करने वालों का भारी दबाव था, जिससे दमकल की गाड़ियों को आगजनी वाले स्थान तक पहुंचने में भारी देरी का सामना करना पड़ा। दमकल विभाग के पास कर्मचारियों की भारी कमी: दमकल विभाग के पास आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त स्टाफ व कर्मचारियों (फायरमैन व ड्राइवर्स) की कमी होना भी एक बड़ा कारण रहा। नाजोचक्क की अधिक दूरी व प्राथमिकताओं का निर्धारण: शहर से नाजोचक्क की दूरी ज्यादा थी। दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार शहर और जहां जानी नुकसान (जान-माल का खतरा) का अंदेशा अधिक होता है, उसे पहली प्राथमिकता दी जाती है। इन प्राथमिकताओं के कारण अन्य स्थानों पर गाड़ियां देरी से पहुंचीं।