समाचार · मध्य प्रदेश
ग्वालियर में पुश्तैनी मस्जिद पर कब्जे का आरोप:फर्जी समिति बनाकर वक्फ बोर्ड को गुमराह करने का दावा; SSP कार्यालय की जनसुनवाई में शिकायत दर्ज
ग्वालियर के जनकगंज थाना क्षेत्र के ढोली बुआ का पुल स्थित एक पुश्तैनी मस्जिद की देखरेख और अधिकार को लेकर विवाद गरमाता जा रहा है। मामले में पीड़ित पक्ष ने वक्फ बोर्ड को गुमराह कर फर्जीवाड़े के जरिए मस्जिद पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया है। मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय की जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता काजी ताहिर मुजीब अहमद ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने आपसी सांठगांठ कर और वक्फ बोर्ड को अंधेरे में रखकर मस्जिद हड़पने की नीयत से एक फर्जी समिति बना ली। उनके मुताबिक, इस मस्जिद का असली नाम 'जैकब परेड बजरिया पुख्ता मस्जिद काजी रहमत खां' है, जो पुराने दस्तावेजों और औकाफ के रिकॉर्ड में भी दर्ज है। शिकायतकर्ता का दावा है कि आजादी से पहले से उनके पूर्वज पीढ़ी-दर-पीढ़ी इस मस्जिद के मुतवल्ली यानी संरक्षक रहे हैं और वे ही इसकी देखरेख करते आ रहे हैं। नियमों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि जहां मुतवल्लीशिप कायम हो, वहां किसी अलग समिति का गठन नहीं किया जा सकता। फर्जी दस्तावेज तैयार कर कब्जे का आरोप आरोप है कि इकबाल हुसैन कुरैशी और उनके साथियों ने 'बिलाल मस्जिद कमेटी' के नाम से फर्जी दस्तावेज तैयार कर मस्जिद पर अवैध कब्जा जमा लिया है। विरोध करने पर शिकायतकर्ता को धमकाने का आरोप भी लगाया गया है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि वहां अनैतिक तरीके से कई जमातों को ठहराया जाता है, जिनका कोई रिकॉर्ड तक नहीं रखा जाता। पुलिस से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग इस पूरे घटनाक्रम से आहत काजी ताहिर मुजीब अहमद ने पुलिस अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि मस्जिद पर अपना दावा करने वाले लोग वक्फ बोर्ड को गुमराह कर पुश्तैनी संपत्ति पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। फिलहाल पीड़ित ने पुराने दस्तावेज पेश करते हुए पुलिस से सुरक्षा देने, आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी के मामले में धारा 420 के तहत कार्रवाई करने और कथित फर्जी समिति को भंग करने की मांग की है।