समाचार · मध्य प्रदेश
रीवा की बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था पर कांग्रेस का हमला:बोली- चालान काटने से नहीं सुधरेगा जाम; यातायात पुलिस जिम्मेदारी निभाने में नाकाम
रीवा शहर में आए दिन लगने वाले जाम और बेतरतीब पार्किंग को लेकर कांग्रेस ने यातायात पुलिस पर सवाल उठाए हैं। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महासचिव गुरमीत सिंह मंगू ने शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को पुलिस की विफलता बताया है। उन्होंने कहा कि केवल चालानी कार्रवाई करने से जाम की समस्या दूर नहीं होगी। इसके लिए सड़कों पर निगरानी और यातायात नियमों का पालन कराना जरूरी है। मंगू ने कहा कि शहर के लोगों को रोजाना जाम से जूझना पड़ रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि यातायात व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी निभाने वाले अधिकारी और कर्मचारी क्या कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहर का ट्रैफिक पूरी तरह बिगड़ चुका है और यातायात पुलिस इसे संभालने में सफल नहीं हो रही है। इन इलाकों में रोज लग रहा जाम शहर के जय स्तंभ चौक, अमहिया, कॉलेज चौराहा, सिरमौर चौराहा, शिल्पी प्लाजा, ढेकहा तिराहा और नए बस स्टैंड के आसपास यातायात का दबाव बना रहता है। कई जगह सड़क किनारे बेतरतीब वाहन खड़े रहते हैं। दुकानों के सामने ठेले और सवारी वाहनों के जमावड़े से रास्ते संकरे हो जाते हैं। ढेकहा तिराहे पर सिग्नल होने के बावजूद ऑटो, बस और मालवाहक वाहन खड़े रहते हैं। इससे जाम की स्थिति बनती है और लोगों को जरूरी काम के लिए भी इंतजार करना पड़ता है। पुलिस बोली- नियम तोड़ने वालों पर कर रहे कार्रवाई यातायात डीएसपी का कहना है कि नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने और यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ लगातार चालानी कार्रवाई की जा रही है। आम लोगों से भी अपील की जा रही है कि वे तय पार्किंग में ही वाहन खड़े करें और यातायात नियमों का पालन करें। बैठकें हुईं, लेकिन सड़कों पर नहीं दिखा सुधार यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस और नगर निगम के अधिकारियों के बीच बैठकें हो चुकी हैं। इनमें पार्किंग स्थलों को व्यवस्थित करने, अतिक्रमण हटाने और प्रमुख सड़कों को सुगम बनाने पर चर्चा हुई थी। इसके बावजूद शहर में हालात नहीं सुधरे हैं। पार्किंग के लिए तय जगहों पर भी ठेले और अस्थायी दुकानों के कब्जे की शिकायतें सामने आती रही हैं। कांग्रेस ने इस स्थिति के लिए जिम्मेदार विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। पार्टी का कहना है कि शहरवासियों को सिर्फ चालानी कार्रवाई नहीं, बल्कि जाम से राहत देने वाली व्यवस्था चाहिए।