समाचार · मध्य प्रदेश
पैसे नहीं देने पर बेटे ने पिता को चाकू मारा:सिंगरौली में एनसीएल कर्मी के पेट में किए कई वार; आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार
सिंगरौली के नवानगर थाना क्षेत्र में पैसे देने से इनकार करने पर बेटे ने अपने पिता पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने पिता के पेट में कई वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना 23 नवंबर की शाम निगाही परियोजना के सेक्टर-8 स्थित आवास में हुई। पुलिस ने आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पैसे मांगने पर पिता से हुआ विवाद पुलिस के मुताबिक, 23 नवंबर की शाम करीब 7 बजे एमक्यू-608 आवास में रहने वाला 23 वर्षीय करन भारती उर्फ पवन उर्फ चीका साकेत अपने पिता बसंत राम साकेत से पैसे मांग रहा था। बसंत राम एनसीएल में कर्मचारी हैं। पिता ने पैसे देने से इनकार किया तो बेटे ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और घर से बाहर चला गया। चाकू लेकर लौटा और पिता पर किए कई वार कुछ देर बाद आरोपी चाकू लेकर घर लौटा और पिता के पेट में कई वार कर दिए। हमले में बसंत राम साकेत गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पकड़ा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम बनाई गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर करन उर्फ पवन को 24 घंटे के भीतर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने हमला करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू भी जब्त कर लिया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। आरोपी का पहले भी रहा है आपराधिक रिकॉर्ड पुलिस के मुताबिक, आरोपी का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद पाठक और नवानगर थाने के पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।