समाचार · मध्य प्रदेश
नरसिंहपुर में गुरु नानक देव का प्रकाश पर्व मनाया:स्टेशनगंज गुरुद्वारा साहिब में लंगर; जयपुर के पांच सदस्यीय रागी जत्थे ने किया शबद कीर्तन
नरसिंहपुर में सिख धर्म के प्रथम गुरु नानक देव का प्रकाश पर्व मनाया गया। इस मौके पर शहर के गुरुद्वारों में विशेष धार्मिक कार्यक्रम हुए। कार्यक्रमों की शुरुआत प्रभात फेरियों से हुई। कंदेली स्थित गुरुद्वारा साहिब से स्टेशनगंज गुरुद्वारा साहिब तक प्रभात फेरी निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। उन्होंने गुरुवाणी गाई और गुरु नानक देव के जयकारे लगाए। स्टेशनगंज गुरुद्वारा साहिब में गुरु ग्रंथ साहिब का अखंड पाठ हुआ। मंगलवार को पाठ के समापन पर जयपुर से आए पांच सदस्यीय रागी जत्थे ने गुरुवाणी और शबद कीर्तन किया। इसके बाद अरदास हुई और गुरु का लंगर आयोजित किया गया। सिख समाज के साथ अन्य समाजों के लोगों ने भी प्रसादी ग्रहण की। प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारों में विशेष दीवान सजाए गए। श्रद्धालुओं ने मत्था टेककर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रमों में गुरु नानक देव के तीन संदेश—‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’—अपनाने का आह्वान किया गया। लोगों ने मानवता, समानता, प्रेम, भाईचारे और सेवा के उनके संदेश को याद किया और बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।