Tuesday, 24 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

कार्तिक पूर्णिमा पर महिलाओं ने किया दीपदान:बाबा बैजनाथ मंदिर में पूजा के बाद बाणगंगा और मोती सागर तालाब में प्रवाहित किए

INT News24 November 2026 at 06:49 pm

आगर मालवा में बुधवार को कार्तिक पूर्णिमा पर महिलाओं ने मंदिरों और जलाशयों में पूजा-अर्चना कर दीपदान किया। महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। बाबा बैजनाथ महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद महिलाओं ने बाणगंगा नदी में दीप प्रवाहित किए। मोती सागर तालाब के हनुमान घाट, गणेश मंदिर घाट और कमलकुंडी पर भी महिलाओं ने दीपदान किया। सैकड़ों दीपों की रोशनी से तालाब के घाट जगमगा उठे। अचलेश्वर महादेव मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। महिलाओं ने भगवान शिव और मां गंगा का पूजन-अभिषेक किया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा पर पवित्र नदियों और जलाशयों में स्नान, दान और दीपदान का विशेष महत्व है। मान्यता है कि इस दिन दीपदान से पुण्य मिलता है और जीवन में सुख-शांति एवं समृद्धि आती है। इसे अज्ञान और नकारात्मकता दूर कर ज्ञान, आस्था और सकारात्मकता का प्रकाश फैलाने का प्रतीक भी माना जाता है।