समाचार · पंजाब
बठिंडा पहुंचीं जनगणना निदेशक, मां की स्व-गणना प्रक्रिया पूरी करवाई:लोगों से ऑनलाइन पोर्टल पर स्व-गणना करने की अपील, 1 दिसंबर से घर-घर जाएंगे कर्मी
बठिंडा में पंजाब की जनगणना संचालन निदेशक डॉ. नवजोत कौर खोसा ने मंगलवार को बठिंडा जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अपनी माता की 'स्व-गणना' (Self-Enumeration) की प्रक्रिया को ऑनलाइन पूरा करने में मदद की और जिले के निवासियों से भी इस डिजिटल सुविधा का लाभ उठाने की अपील की।
डॉ. खोसा ने लोगों से आग्रह किया कि वे जनगणना 2027 के दूसरे चरण के लिए आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपनी स्व-गणना पूरी करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो नागरिक किसी कारणवश ऑनलाइन स्व-गणना नहीं कर पाएंगे, उनके घरों में 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 के बीच जनगणना कर्मी पहुंचेंगे और सर्वे का काम पूरा करेंगे। जिला जनगणना सेल के कार्यों की सराहना
दौरे के दौरान डॉ. खोसा ने जिला जनगणना सेल की टीम के साथ बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने टीम के कार्यों की सराहना करते हुए इसी तरह मेहनत जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया। बठिंडा की एडीसी (जनरल) पूनम सिंह ने बताया कि डीसी राजेश धीमान के नेतृत्व में जिले में जनगणना के दूसरे चरण का कार्य सुचारू रूप से चलाया जा रहा है। इस मौके पर जिला जनगणना सेल के प्रभारी हरविंदर सिंह, फील्ड ट्रेनर लखविंदर सिंह व कुलवीर सिंह और बठिंडा तहसील के तकनीकी सहायक प्रभजोत सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।