समाचार · उत्तर प्रदेश
कानपुर के युवाओं की विदेश में नौकरी की राह आसान: मॉरीशस में 100 से अधिक पदों पर भर्ती, हर महीने मिलेगी 50 हजार तक सैलरी

UP News: विदेश में नौकरी करने का सपना देख रहे कानपुर और आसपास के जिलों के युवाओं के लिए अच्छी खबर है. अब उन्हें रोजगार की तलाश में दूसरे शहरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे. भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय, स्किल इंडिया और नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (NSDC) के सहयोग से मॉरीशस में 100 से अधिक पदों पर भर्ती का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है. खास बात यह है कि चयनित अभ्यर्थियों को हर महीने 44 हजार से 50 हजार रुपये तक वेतन मिल सकता है. इसके साथ ही नौकरी के लिए जरूरी प्रशिक्षण, विदेशी भाषा की जानकारी और प्लेसमेंट सहायता भी निशुल्क उपलब्ध कराने की व्यवस्था है. यह पहल भारत और मॉरीशस के बीच सरकारी स्तर पर हुए समझौते के तहत की जा रही है.
मॉरीशस की दो कंपनियों में होगी भर्ती
इस भर्ती अभियान के तहत मॉरीशस की अल्फा कॉन्ट्रैक्टिंग लिमिटेड और मावेंसी लिमिटेड में युवाओं को रोजगार दिया जाएगा. इसमें तकनीकी और निर्माण क्षेत्र से जुड़े पद शामिल हैं.
इन पदों पर मिलेगी नौकरी:
टेक्नीशियन रिपेयर
पेस्ट टेक्नीशियन
प्लंबर
कंस्ट्रक्शन हेल्पर
कारपेंटर
चयनित अभ्यर्थियों को एक से तीन साल तक पूर्णकालिक नौकरी का अवसर मिलेगा.
18 से 45 साल के युवा कर सकते हैं आवेदन
भर्ती के लिए 18 से 45 वर्ष की आयु के पुरुष अभ्यर्थी पात्र होंगे. न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास निर्धारित की गई है. इसके अलावा संबंधित ट्रेड में प्रमाणपत्र या डिप्लोमा रखने वाले अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं. उनके पास कम से कम एक साल का कार्य अनुभव होना चाहिए. इस तरह आईटीआई और तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं के लिए विदेश में रोजगार पाने का अवसर उपलब्ध होगा.
हर महीने 50 हजार रुपये तक मिलेगी सैलरी
इस भर्ती की सबसे बड़ी खासियत इसका वेतन है. चयनित युवाओं को भारतीय मुद्रा के हिसाब से 44 हजार से 50 हजार रुपये तक मासिक वेतन मिल सकेगा. इसके अलावा अभ्यर्थियों को अंग्रेजी, जर्मन और जापानी भाषा का निशुल्क प्रशिक्षण देने की व्यवस्था भी बताई गई है. युवाओं को काउंसिलिंग और करियर गाइडेंस की सुविधा भी मिलेगी.
कानपुर में कहां करें संपर्क?
मॉरीशस में नौकरी पाने के इच्छुक युवा भर्ती और प्रशिक्षण से संबंधित जानकारी के लिए इन स्थानों पर संपर्क कर सकते हैं.
NSTI कैंपस: सीटीआई, कानपुर.
ITI पांडुनगर: प्लेसमेंट एवं अप्रेंटिस सेल.
यहां अभ्यर्थियों को भर्ती की पात्रता, प्रशिक्षण, चयन प्रक्रिया और आगे की औपचारिकताओं की जानकारी मिल सकती है.
नौकरी के नाम पर ठगी से रहें सावधान
विदेश में नौकरी का अवसर मिलने पर युवाओं को किसी अनधिकृत एजेंट के झांसे में नहीं आना चाहिए. आवेदन करने से पहले कंपनी, नियुक्ति पत्र, वर्क परमिट, वेतन और अन्य सुविधाओं की जानकारी लिखित रूप में जरूर लें. विदेश मंत्रालय के ई-माइग्रेट पोर्टल पर भी जरूरी जानकारी प्राप्त की जा सकती है.
यह भी पढ़ें: UP Train News: यूपी से गुजरने वाली 22 ट्रेनें दिसंबर से होंगी प्रभावित, तीन महीने तक बदला रहेगा रेलवे का शेड्यूल, सफर से पहले देखें पूरी लिस्ट